रोहित शर्मा ने रचा इतिहास, एमएस धोनी को पछाड़कर बने पहले भारतीय!
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में टीम इंडिया के अभियान की शुरुआत के साथ ही रोहित शर्मा ने एक बड़ा रिकॉर्ड बना लिया है. उन्होंने एक खास लिस्ट में एमएस धोनी को पीछे छोड़ते हुए भारत के सभी खिलाड़ियों को पछाड़ दिया है.

Champions Trophy 2025: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में टीम इंडिया के अभियान की शुरुआत हो चुकी है और भारतीय टीम अपना पहला मैच बांग्लादेश के खिलाफ खेल रही है. यह टूर्नामेंट भारत के कप्तान रोहित शर्मा के लिए खास है, क्योंकि उन्होंने इस टूर्नामेंट के शुरुआत में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है. रोहित शर्मा ने एमएस धोनी को पीछे छोड़ते हुए भारत के सभी खिलाड़ियों के बीच सबसे ज्यादा आईसीसी लिमिटेड ओवर इवेंट खेलने का रिकॉर्ड बना लिया है. वहीं, विराट कोहली ने भी इस मैच के साथ ही एमएस धोनी की बराबरी कर ली है.
रोहित शर्मा के इंटरनेशनल करियर की शुरुआत 2017 में हुई थी, लेकिन उन्होंने अपना पहला आईसीसी इवेंट 2007 टी20 वर्ल्ड कप में खेला था. चैंपियंस ट्रॉफी 2025 उनका 15वां लिमिटेड ओवर आईसीसी इवेंट है. इसके साथ ही उन्होंने भारत के लिए सबसे ज्यादा लिमिटेड ओवर आईसीसी इवेंट खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड एमएस धोनी के नाम था, जिन्होंने भारत के लिए 14 लिमिटेड ओवर आईसीसी इवेंट खेले थे.
रोहित शर्मा ने धोनी को पीछे छोड़ा
वहीं, विराट कोहली का यह 14वां लिमिटेड ओवर आईसीसी इवेंट है, जिससे उन्होंने भी इस लिस्ट में एमएस धोनी की बराबरी कर ली है. युवराज सिंह ने भी अपने करियर में 14 लिमिटेड ओवर आईसीसी इवेंट खेले थे. इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा लिमिटेड ओवर आईसीसी इवेंट खेलने का रिकॉर्ड क्रिस गेल, महेला जयवर्धने, शाहिद अफरीदी और शाकिब अल हसन के नाम है. इन खिलाड़ियों ने 16-16 लिमिटेड ओवर आईसीसी इवेंट खेले हैं.
भारत के लिए सबसे ज्यादा आईसीसी टूर्नामेंट (लिमिटेड ओवर)
15 – रोहित शर्मा
14 – विराट कोहली
14 – एमएस धोनी
14 – युवराज सिंह
12 – रवींद्र जडेजा
11 – सचिन तेंदुलकर
11 – हरभजन सिंह
रवींद्र जडेजा का खास मैच
रवींद्र जडेजा इस मैच में अपने वनडे करियर का 200वां मैच खेल रहे हैं. वह भारत के लिए इतने वनडे मैच खेलने वाले 16वें खिलाड़ी हैं. भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे मैच खेलने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 463 वनडे मैच खेले हैं. वहीं, एमएस धोनी 350 मैचों के साथ इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं.


