अब भारत सिर्फ खरीदेगा नहीं, बेचेगा भी! अमेरिका को सप्लाई होंगी भारतीय तोपें!
India-US defense deal: भारत ने रक्षा क्षेत्र में एक और बड़ी छलांग लगाई है. अब पहली बार अमेरिका को भारतीय तोपों की सप्लाई की जाएगी. भारत फोर्ज की सहायक कंपनी कल्याणी स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स लिमिटेड ने अमेरिका की एएम जनरल के साथ लेटर ऑफ इंटेंट पर हस्ताक्षर किए हैं.

India-US defense deal: भारत की रक्षा उत्पादन क्षमता लगातार नए आयाम छू रही है. फिलिपींस को ब्रह्मोस मिसाइल निर्यात करने के बाद अब भारत ने अमेरिका के साथ एक ऐतिहासिक समझौता किया है. इस डील के तहत भारत अब अमेरिका को एडवांस आर्टिलरी तोपों की सप्लाई करेगा. भारत फोर्ज की सहायक कंपनी कल्याणी स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स लिमिटेड (KSSL) ने अमेरिका की एएम जनरल के साथ लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) पर हस्ताक्षर किए हैं. यह समझौता संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में संपन्न हुआ, जो भारत की रक्षा क्षमताओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. पहली बार भारत, अमेरिका को अपनी स्वदेशी तोपें निर्यात करेगा, जिससे वैश्विक रक्षा बाजार में भारत की स्थिति और मजबूत होगी.
यह समझौता अबू धाबी में आयोजित IDEX 2025 के दौरान हुआ, जिसमें दोनों कंपनियों ने भारत में निर्मित एडवांस आर्टिलरी तोपों की आपूर्ति को लेकर समझौते पर हस्ताक्षर किए. भारत फोर्ज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर बाबा कल्याणी ने इस मौके पर कहा, "यह हमारी तकनीकी क्षमता का प्रमाण है और आर्टिलरी समाधानों में वैश्विक नेता बनने के हमारे लक्ष्य की दिशा में एक बड़ा कदम है." उन्होंने आगे कहा कि "यह समझौता एएम जनरल जैसी लीडिंग ग्लोबल डिफेंस फर्मों के हमारे ऊपर विश्वास और भरोसे को दर्शाता है."
भारत अमेरिका को देगा हाई-टेक तोपें
अब तक भारत मुख्य रूप से हथियार आयात करने वाला देश रहा है, लेकिन इस समझौते के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि भारत अब रक्षा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण निर्यातक बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. एएम जनरल के कार्यकारी उपाध्यक्ष जॉन चैडबोर्न ने भी इस डील को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, "KSSL की युद्ध में साबित आर्टिलरी विशेषज्ञता और टेक्नोलॉजिकल इनोवेशन के लिए हमारी साझा प्रतिबद्धता अमेरिकी रक्षा बलों को एडवांस आर्टिलरी समाधान देने की जबरदस्त क्षमता पैदा करती है."
भारत फोर्ज: रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी ताकत
भारत फोर्ज की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी KSSL स्वदेशी रक्षा निर्माण में अग्रणी रही है. कंपनी ने कई आधुनिक हथियार प्लेटफॉर्म, ऑफ-रोड संरक्षित गतिशीलता समाधान और अत्याधुनिक सैन्य उत्पाद विकसित किए हैं. पहले भी कंपनी अपने इन-हाउस डिजाइन और विकसित आर्टिलरी सिस्टम को विभिन्न देशों में निर्यात कर चुकी है.
एएम जनरल और भारत फोर्ज का रणनीतिक सहयोग
एएम जनरल, जो मिलिट्री व्हीकल प्लेटफॉर्म में वैश्विक अग्रणी है, अब अगली पीढ़ी की आर्टिलरी सिस्टम पर काम कर रही है. भारतीय कंपनी के साथ यह नया समझौता आर्टिलरी प्लेटफॉर्म पर उनके पिछले सहयोग को और मजबूत करता है. इससे भारत और अमेरिका के रक्षा संबंधों में और अधिक मजबूती आएगी. बाबा कल्याणी ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा, "KSSL में हम इस मील के पत्थर को हासिल करने वाली पहली भारतीय कंपनी होने पर गर्व करते हैं. यह आधुनिक युद्ध के लिए युद्ध-सिद्ध, अत्याधुनिक आर्टिलरी समाधान देने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है."
भारत-निर्मित तोपों की ताकत
भारत फोर्ज की उन्नत तोपें पूरी तरह इलेक्ट्रिक ड्राइव सिस्टम से संचालित होती हैं, जिससे उनकी विश्वसनीयता और मारक क्षमता में जबरदस्त इजाफा हुआ है. इन तोपों को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि इनके रखरखाव की लागत काफी कम हो, जिससे ये आधुनिक युद्ध के लिए उपयुक्त बन जाती हैं.
-
भारत-52: यह एक 155 मिमी, 52 कैलिबर टोड हॉवित्जर तोप है, जिसे पूरी तरह भारत में डिजाइन और विकसित किया गया है.
-
एडवांस्ड टोड आर्टिलरी गन सिस्टम (ATAGS): यह भी 155 मिमी, 52 कैलिबर हॉवित्जर तोप है, जिसे भारत फोर्ज, टाटा पावर एसईडी और डीआरडीओ के सहयोग से विकसित किया गया है.
भारत की रक्षा निर्यात यात्रा को मिलेगी नई रफ्तार
यह समझौता भारत की मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत योजनाओं को और मजबूती देगा. इससे भारतीय रक्षा कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा. अमेरिका जैसी सुपरपावर के साथ यह करार भारत के रक्षा निर्माण क्षेत्र के लिए एक गेमचेंजर साबित हो सकता है.


