दिल्ली के नंद नगरी में बेटे के झगड़े में गए पिता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, शादी की सालगिरह पर उजड़ा परिवार
पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में बेटे के झगड़े में बीच-बचाव करने गए पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई. शादी की सालगिरह के दिन हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया और परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं.

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. नाबालिग बेटे के झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचे पिता को आरोपितों ने दिनदहाड़े गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है.
बताया जा रहा है कि 15 वर्षीय बेटे ने झगड़े की सूचना फोन के जरिए अपने माता-पिता को दी थी. माता-पिता के मौके पर पहुंचते ही हालात और बिगड़ गए और आरोपितों ने पिता को निशाना बना लिया. वारदात के बाद सभी हमलावर फरार हो गए.
सीने में मारी गोली, अस्पताल में हुई मौत
मृतक की पहचान उमरदीन के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ नंद नगरी में रहते थे. आरोप है कि झगड़े के दौरान पहले तीन राउंड गोलियां हवा में चलाई गईं और उसके बाद एक गोली सीधे उमरदीन के सीने में मार दी गई.
गंभीर रूप से घायल उमरदीन को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
नाबालिगों पर वारदात का शक
पुलिस को आशंका है कि इस वारदात को अंजाम देने वालों में नाबालिग शामिल हो सकते हैं. नंद नगरी थाना पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
बोर्ड परीक्षा दे रहा था बेटा
उमरदीन के परिवार में पत्नी राबिया, बेटा तहजीम और अन्य सदस्य हैं. तहजीम दसवीं कक्षा का छात्र है और इन दिनों उसकी बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं. वह नंद नगरी बी-2 ब्लॉक में ट्यूशन पढ़ने जाता था.
परिवार के अनुसार, मंगलवार शाम करीब पांच बजे ट्यूशन से लौटते समय ए ब्लॉक स्थित एक स्कूल के पास उसने देखा कि कुछ युवक उसके दो दोस्तों के साथ मारपीट कर रहे हैं. दोस्तों को बचाने के प्रयास में वह खुद भी हमले का शिकार हो गया.
माता-पिता के पहुंचते ही भड़के आरोपी
झगड़े की जानकारी मिलते ही उमरदीन और उनकी पत्नी मौके पर पहुंचे. वे विवाद को शांत कराने की कोशिश कर रहे थे, तभी आरोपी अचानक उग्र हो गए. आरोप है कि उन्होंने पहले हवा में गोलियां चलाईं और फिर उमरदीन को निशाना बना लिया.
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.
सालगिरह की खुशियां मातम में बदलीं
परिवार के मुताबिक, 17 फरवरी को उमरदीन की शादी के 17 साल पूरे हुए थे. घर में सालगिरह की तैयारियां चल रही थीं और उनकी चारों बेटियां कार्यक्रम की तैयारी में जुटी थीं. उमरदीन पेशे से ट्रक चालक थे और इस खास दिन के लिए उन्होंने छुट्टी ली हुई थी.लेकिन खुशियों से भरा यह दिन कुछ ही पलों में मातम में बदल गया.


