पश्चिम बंगाल में प्रचार को लेकर TMC और BJP कार्यकर्ताओं में झड़प, कई घायल
बर्दवान शहर के सियालडांगा मोड़ इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों के बीच तीखी झड़प हुई. इस झड़प में दोनों दलों के कई कार्यकर्ता घायल हुए.

पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले में चुनावी माहौल के बीच राजनीतिक तनाव हिंसा में बदल गया. बर्दवान शहर के सियालडांगा मोड़ इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों के बीच तीखी झड़प हो गई. इस टकराव में दोनों दलों के कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं. घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है.
विवाद कब शुरू हुआ?
बताया जा रहा है कि यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब भाजपा कार्यकर्ता इलाके में घर-घर संपर्क अभियान चला रहे थे. भाजपा नेताओं का आरोप है कि इस दौरान टीएमसी के नेता श्यामल रॉय अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ताओं पर अचानक हमला कर दिया. भाजपा का कहना है कि उनके एक कार्यकर्ता को अकेला पाकर टीएमसी समर्थकों ने सड़क पर बेरहमी से पीटा.
पार्टी ने आरोप लगाया कि यह हमला योजनाबद्ध तरीके से किया गया था, ताकि उनके प्रचार अभियान को बाधित किया जा सके. हालांकि भाजपा का यह भी दावा है कि उनके कार्यकर्ताओं ने विरोध किया, जिसके बाद टीएमसी के लोगों को वहां से पीछे हटना पड़ा.
तृणमूल कांग्रेस ने आरोप किेए खारिज
वहीं दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए भाजपा पर ही हिंसा शुरू करने का आरोप लगाया है. टीएमसी के स्थानीय नेताओं का कहना है कि भाजपा कार्यकर्ता उनकी पार्टी द्वारा प्रचार के लिए निर्धारित दीवारों पर जबरन अपने पोस्टर लगा रहे थे. जब टीएमसी कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया तो भाजपा के कुछ नेताओं के नेतृत्व में उनके समर्थकों ने हमला कर दिया. तृणमूल कांग्रेस का यह भी आरोप है कि इस झड़प के दौरान उनकी महिला कार्यकर्ताओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. इस हिंसक झड़प में दोनों दलों के कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिनमें कुछ को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
पुलिस अधिकारियों ने क्या बताया?
टीएमसी नेता श्यामल रॉय और भाजपा प्रवक्ता शांतनु दे ने अपने-अपने कार्यकर्ताओं के घायल होने की पुष्टि करते हुए विपक्षी दल पर गंभीर आरोप लगाए हैं. दोनों पार्टियों ने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल, इलाके में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन राजनीतिक तनाव अभी भी बना हुआ है. प्रशासन ने दोनों दलों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था का सम्मान करने की अपील की है. आने वाले दिनों में जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि इस हिंसा के लिए जिम्मेदार कौन है.


