SA vs WI: साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को बुरी तरह रौंदा, भारत को हुआ बड़ा फायदा
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वेस्टइंडीज और साऊथ अफ्रीका के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सुपर 8 मैच खेला गया. जहां साऊथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराकर सेमीफइनल में लगभग जगह बना ली है.

SA vs WI: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 स्टेज में साऊथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में प्रोटियाज ने 9 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की. यह जीत भारत के लिए बहुत बड़ी राहत लेकर आई है, क्योंकि अब टीम इंडिया के सेमीफाइनल में पहुंचने के रास्ते आसान हो गए हैं.
मैच का रोमांचक सार
वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट गवांकर 176 का स्कोर बनाया. उनके लिए रोमारियो शेफर्ड और जेसन होल्डर ने अच्छी पारी खेली, लेकिन शुरुआत में लुंगी एनगिडी ने 3 विकेट लेकर उन्हें बैकफुट पर डाल दिया.
लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका ने 16.1 ओवर में सिर्फ 1 विकेट खोकर 177 रन बना लिए. कप्तान एडन मार्कराम ने 46 गेंदों में 82 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 7 चौके, 4 छक्के शामिल थे. क्विंटन डी कॉक ने 24 गेंदों में 47 रन ठोके, जबकि रयान रिकेल्टन 28 गेंदों में 45 रन बनाकर नाबाद रहे. यह जीत साउथ अफ्रीका की मजबूत फॉर्म दिखाती है.
भारत के लिए हुआ बड़ा फायदा
यह हार वेस्टइंडीज के लिए झटका है, लेकिन भारत के लिए सुनहरा मौका. अब भारत को अपने बाकी दो सुपर 8 मैच जीतने हैं, जो कि आज चेन्नई में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले जाएंगे. जबकि दूसरा मैच 1 मार्च को कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ होगा. अगर टीम इंडिया दोनों मैच जीत लेती है, तो वह सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी. इसके लिए नेट रन रेट (एनआरआर) की जरूरत नहीं पड़ेगी.
भारत को वेस्टइंडीज को बड़े अंतर से हराना होगा
अगर भारत जिम्बाब्वे से हार भी जाता है, तो भी उम्मीद बाकी रहेगी. ऐसे में वेस्टइंडीज को बड़े अंतर से हराना होगा और साउथ अफ्रीका से जिम्बाब्वे की हार की दुआ करनी होगी. तीन टीमों के 2-2 अंकों पर होने पर एनआरआर तय करेगा, लेकिन अगर भारत वेस्टइंडीज से हार गया या जिम्बाब्वे दोनों मैच जीत गया, तो भारत बाहर हो सकता है.
साउथ अफ्रीका की यह जीत भारत को दबाव से मुक्त करती है. अब सूर्यकुमार यादव की टीम को बस अपने खेल पर फोकस करना है. अगले मैचों में अच्छा प्रदर्शन से सेमीफाइनल की राह साफ हो जाएगी.


