T20 वर्ल्ड कप: न्यूजीलैंड ने कर दिखाया सबसे बड़ा रन चेज, अफगानिस्तान को हराकर रचा इतिहास

चेन्नई में खेले गए टी20 विश्व कप मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 183 रन का लक्ष्य 13 गेंद शेष रहते हासिल कर अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराया. यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में न्यूजीलैंड का सबसे बड़ा सफल रन चेज बन गया.

Shraddha Mishra

चेन्नई: 8 फरवरी को चेन्नई में खेले गए टी20 विश्व कप मुकाबले में न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराकर इतिहास बना दिया. यह जीत सिर्फ एक साधारण जीत नहीं थी, बल्कि टूर्नामेंट के इतिहास में न्यूजीलैंड की सबसे बड़ी सफल रन चेज बन गई. 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम ने 13 गेंद बाकी रहते मैच अपने नाम कर लिया.

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही. पावरप्ले के दौरान ही टीम ने दो अहम विकेट गंवा दिए. हालांकि इसके बाद गुलबदीन नायब और सेदिकुल्लाह अटल ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़कर टीम को मुकाबले में वापस लाया.

गुलबदीन नायब ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों में 63 रन बनाए. उनकी पारी में कई आकर्षक शॉट्स शामिल रहे. अटल ने भी उनका अच्छा साथ दिया. हालांकि मध्य और अंतिम ओवरों में बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके. छोटे-छोटे योगदान के दम पर अफगानिस्तान ने 20 ओवर में 182 रन बनाए, जो इस पिच पर चुनौतीपूर्ण स्कोर माना जा रहा था.

न्यूजीलैंड की शुरुआत डगमगाई

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत भी उतनी मजबूत नहीं रही. पारी के दूसरे ही ओवर में फिन एलन और रचिन रवींद्र लगातार गेंदों पर आउट हो गए. शुरुआती झटकों के बाद टीम दबाव में नजर आ रही थी. ऐसे समय में सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट ने जिम्मेदारी संभाली. उन्होंने धैर्य और आक्रामकता का संतुलन दिखाते हुए 65 रनों की शानदार पारी खेली. उनके साथ ग्लेन फिलिप्स ने 25 गेंदों में 42 रन बनाकर रन गति को बनाए रखा.

मार्क चैपमैन ने 28 रन जोड़े, जबकि डेरिल मिचेल ने 14 गेंदों में 25 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया. कप्तान मिचेल सैंटनर ने भी अंत में तेजी से रन बटोरे और 8 गेंदों में 17 रन बनाकर नाबाद लौटे. न्यूजीलैंड ने 18वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया.

टूर्नामेंट में नया रिकोर्ड

यह टी20 विश्व कप इतिहास में न्यूजीलैंड का सबसे बड़ा सफल लक्ष्य रहा. इससे पहले कीवी टीम ने 2021 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 167 रनों का लक्ष्य हासिल किया था. इस जीत के साथ उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया. साथ ही यह टी20 विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ा रन चेज भी बन गया. इससे पहले 2016 में श्रीलंका ने अफगानिस्तान के खिलाफ 154 रनों का लक्ष्य हासिल किया था.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag