लखनऊ में कोहरे ने बिगाड़ा खेल, भारत-साउथ अफ्रीका मुकाबला हुआ रद्द

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला रद्द हो गया. टीम इंडिया इस सीरीज में 2-1 से आगे चल रही है. ऐसे में अहमदाबाद में होने वाला आखिरी मुकाबला सीरीज के नतीजे के लिहाज से बेहद अहम बन गया है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में बुधवार को होना था, लेकिन मौसम ने क्रिकेट प्रेमियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. घने कोहरे के कारण न तो टॉस हो सका और न ही खेल की शुरुआत, जिसके चलते मैच को रद्द करने का फैसला लिया गया. अब इस सीरीज का निर्णायक मुकाबला 19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा, जिस पर दोनों टीमों की नजरें टिकी होंगी.

अंपायर छह बार मैदान में निरीक्षण करने उतरे 

मैच के लिए टॉस का समय शाम 6:30 बजे तय था, लेकिन मैदान पर छाए घने कोहरे ने दृश्यता बेहद कम कर दी. अंपायरों ने हालात का जायजा लेते हुए टॉस को टाल दिया. आयोजकों और अधिकारियों ने करीब रात 9:30 बजे तक खेल शुरू कराने की हरसंभव कोशिश की, मगर मौसम में कोई सुधार नहीं हुआ. इस दौरान अंपायर छह बार मैदान में उतरे और हालात का निरीक्षण किया. बीसीसीआई के वरिष्ठ अधिकारी राजीव शुक्ला भी स्टेडियम पहुंचे, लेकिन करीब साढ़े तीन घंटे के इंतजार के बाद यह साफ हो गया कि खेल संभव नहीं है. इसके बाद आधिकारिक तौर पर मैच को रद्द घोषित कर दिया गया.

फिलहाल टीम इंडिया इस सीरीज में 2-1 से आगे चल रही है. ऐसे में अहमदाबाद में होने वाला आखिरी मुकाबला सीरीज के नतीजे के लिहाज से बेहद अहम बन गया है. अगर भारत यह मैच जीतता है तो सीरीज अपने नाम करेगा, जबकि दक्षिण अफ्रीका के पास बराबरी का मौका होगा.

यह मैच रद्द होना टीम इंडिया के लिए एक और वजह से भी चिंता का विषय है. टी20 विश्व कप में अब दो महीने से भी कम समय बचा है और 7 फरवरी से भारत का अभियान शुरू होना है. विश्व कप से पहले भारत को कुल छह टी20 मैच खेलने हैं. एक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ और पांच न्यूजीलैंड के खिलाफ. ऐसे में हर मुकाबला तैयारी के लिहाज से बेहद जरूरी था. यह मैच रद्द होना टीम की योजनाओं को थोड़ा झटका देता है.

शुभमन गिल हुए चोटिल

इस बीच लखनऊ से भारत के लिए एक और निराशाजनक खबर सामने आई. टीम के उपकप्तान शुभमन गिल एक बार फिर चोटिल हो गए हैं. उन्हें पैर में चोट लगी है, जो पिछले एक महीने में दूसरी बार है जब वह इंजरी का शिकार हुए हैं. इससे पहले कोलकाता टेस्ट के दौरान गले में चोट लगने के कारण वह टेस्ट और वनडे सीरीज से बाहर हो गए थे. टी20 सीरीज में उनकी वापसी जरूर हुई, लेकिन उनका बल्ला अब तक खामोश ही रहा है. ऐसे में गिल की फिटनेस और फॉर्म, दोनों ही टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का कारण बने हुए हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag