एश‍ियन गेम्स के लिए BCCI का बड़ा ऐलान, चर्चा में वैभव सूर्यवंशी का नाम

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने सितंबर-अक्टूबर में जापान के आइची-नागोया में होने वाले इस मल्टी-स्पोर्ट इवेंट के लिए 30 संभावित खिलाड़ियों की सूची भारतीय ओलंपिक संघ को भेज दी है. इस सूची के सामने आने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के चयन की हो रही है.

calender

नई दिल्ली: एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट इवेंट के लिए भारतीय टीम की तैयारी ने रफ्तार पकड़ ली है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने सितंबर-अक्टूबर में जापान के आइची-नागोया में होने वाले इस मल्टी-स्पोर्ट इवेंट के लिए 30 संभावित खिलाड़ियों की सूची भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) को भेज दी है. इस सूची के सामने आने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के चयन और टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव व टेस्ट-वनडे कप्तान शुभमन गिल के बाहर रहने को लेकर हो रही है.

चयनकर्ताओं को वैभव ने किया प्रभावित

महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपने आक्रामक और विस्फोटक बल्लेबाजी प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को काफी प्रभावित किया है. इसी वजह से उन्हें पहली बार किसी बड़े मल्टी-नेशन इवेंट की संभावित सूची में जगह मिली है. वहीं, अनुभवी खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल का नाम इस बार की संभावित टीम में शामिल नहीं किया गया है, जिससे क्रिकेट जगत में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

दरअसल, एशियन गेम्स का आयोजन और भारत का वेस्टइंडीज दौरा लगभग एक ही समय पर पड़ रहा है. भारत को 27 सितंबर से 17 अक्टूबर तक वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेलने हैं, जबकि एशियन गेम्स का पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 24 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच खेला जाएगा. इसी टकराव के कारण चयनकर्ताओं को दो अलग-अलग टी20 टीमों की योजना पर काम करना पड़ रहा है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुभमन गिल के वनडे कप्तानी की जिम्मेदारी संभालने की संभावना को देखते हुए उन्हें इस सूची में जगह नहीं दी गई है. वहीं सूर्यकुमार यादव को लेकर यह भी संकेत मिले हैं कि वह 2028 ओलंपिक और भविष्य की टी20 योजनाओं का हिस्सा नहीं माने जा रहे हैं.

कप्तानी के लिए ये नाम चर्चा में

कप्तानी के लिए जिन खिलाड़ियों के नाम चर्चा में हैं, उनमें श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन और तिलक वर्मा प्रमुख हैं. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का नाम भी सूची में शामिल है, हालांकि 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए उनकी भूमिका सीमित रखी जा सकती है. हर्षित राणा को भी फिटनेस वापसी के साथ संभावित खिलाड़ियों में रखा गया है.

स्पिन विभाग में कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और हर्ष दुबे को शामिल किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि इनमें से केवल दो ही एशियन गेम्स टीम का हिस्सा बनेंगे. दिलचस्प रूप से पिछली बार हांगझोऊ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जिताने वाले कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को भी इस बार संभावित सूची में जगह मिली है.

30 संभावित खिलाड़ियों की सूची में यशस्वी जायसवाल, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, वरुण चक्रवर्ती, अनुकूल रॉय, आयुष बदोनी, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल, खलील अहमद, ऋतुराज गायकवाड़, रवि बिश्नोई, शाहबाज अहमद, शिवम दुबे, विपराज निगम, हर्षित राणा, यश ठाकुर और वॉशिंगटन सुंदर के नाम शामिल हैं. First Updated : Saturday, 30 May 2026