IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बीच स्टार क्रिकेटर विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ आध्यात्मिक यात्रा पर निकले. दोनों आज 20 अप्रैल को वृंदावन पहुंचकर प्रेमानंद महाराज से मिले. अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर हुई इस मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
विराट और अनुष्का पहले भी कई बार प्रेमानंद महाराज के आश्रम में जा चुके हैं. इस बार भी दोनों ने संत से लंबी चर्चा किए. पिछले दौरों में वे जीवन के मूल मंत्र, माफी के महत्व और रिश्तों की गहराई जैसे विषयों पर बात कर चुके हैं.
यह मुलाकात आईपीएल के व्यस्त शेड्यूल के बीच हुई, जिससे क्रिकेट फैंस काफी हैरान हैं. वृंदावन पहुंचने से पहले इस पवार कपल को बेंगलुरु में भी देखा गया था.
आईपीएल 2026 में विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अच्छी लय में नजर आ रही है. टीम ने अब तक 6 मैच खेले हैं, जिनमें से 4 में जीत हासिल की है. 8 अंकों के साथ RCB अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है. पहले स्थान पर पंजाब किंग्स की टीम है, जो इस सीजन अब तक अजेय रही है.
विराट कोहली इस सीजन भी अपना जलवा बिखेर रहे हैं. उन्होंने 6 मैचों में 247 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 28 चौके और 6 छक्के निकले. कोहली ने अब तक दो अर्धशतक भी जड़े हैं. सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में वे तीसरे स्थान पर हैं. पहले स्थान पर हेनरिक क्लासेन हैं, जिन्होंने 283 रन बनाए हैं, वहीं दूसरे स्थान पर शुभमन गिल हैं, उन्होंने 251 रन बनाए हैं.
RCB का अगला मैच गुजरात के खिलाफ शुक्रवार 24 अप्रैल को है. दोनों ही टीमें इस सीजन शानदार फॉर्म में बने हुए हैं. ऐसे में यह मुकाबला देखना बेहद ही दिलचस्प होने वाला है. First Updated : Monday, 20 April 2026