वैभव सूर्यवंशी का दीवाने हुए WWE सुपरस्टार ड्रू मैकइंटायर, वीडियो शेयर कर फैंस को किया सरप्राइज
खास बात यह थी कि जर्सी की पीठ पर वैभव सूर्यवंशी का नाम लिखा था। ड्रू ने फोटो के साथ 'Chosen One' कैप्शन दिया जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया।

नई दिल्ली: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का क्रेज अब क्रिकेट के मैदान से निकलकर WWE रिंग तक पहुंच गया है। WWE सुपरस्टार ड्रू मैकइंटायर हाल ही में जिम में राजस्थान रॉयल्स की जर्सी पहनकर वर्कआउट करते दिखे।
ड्रू ने पहनी वैभव की जर्सी
खास बात यह थी कि जर्सी की पीठ पर वैभव सूर्यवंशी का नाम लिखा था। ड्रू ने फोटो के साथ 'Chosen One' कैप्शन दिया जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग भी हैरान रह गए और उन्होंने 'OMG!' लिखकर प्रतिक्रिया दी।
कौन हैं WWE सुपरस्टार ड्रू मैकइंटायर
आपको बताते चलें कि 40 साल के ड्रू मैकइंटायर WWE के टॉप सुपरस्टार्स में गिने जाते हैं। उनका असली नाम एंड्रयू मैकलीन गैलोवे IV है और वे स्कॉटलैंड से हैं। WWE में वे कई बार वर्ल्ड चैंपियन रह चुके हैं और उनकी फैन फॉलोइंग दुनियाभर में है।
IPL 2026 एलिमिनेटर में सबसे बड़ी परीक्षा
दरअसल वैभव सूर्यवंशी के सामने IPL 2026 एलिमिनेटर की बड़ी चुनौती है। बुधवार को न्यू चंडीगढ़ में राजस्थान रॉयल्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। प्लेऑफ के इस अहम मुकाबले में एक बार फिर सबकी नजरें इस युवा बल्लेबाज पर टिकी होंगी। टीम को जीत दिलाने की जिम्मेदारी काफी हद तक वैभव और जोफ्रा आर्चर पर रहेगी।
गेंदबाजों के लिए बन चुके हैं सबसे बड़ा खतरा
बेखौफ अंदाज में खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी इस सीजन गेंदबाजों के लिए मुश्किल बन गए हैं। पैट कमिंस, ईशान मलिंगा और साकिब हुसैन जैसे तेज गेंदबाजों के सामने भी वे खुलकर शॉट खेलते हैं। अगर वैभव पावरप्ले में टिक गए तो कुछ ही ओवरों में मैच का पासा पलट सकते हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने उन्हें इस सीजन का सबसे चर्चित चेहरा बना दिया है।
न्यू चंडीगढ़ का मैदान बल्लेबाजों के लिए मुफीद
एलिमिनेटर जिस मैदान पर होना है वह बल्लेबाजों के लिए जन्नत माना जा रहा है। इस सीजन यहां खेले गए चार मैचों में से तीन में 220 से ज्यादा रन बने हैं। इसी ग्राउंड पर पंजाब किंग्स ने 254 रन का बड़ा स्कोर भी खड़ा किया था। ऐसे में वैभव जैसे विस्फोटक बल्लेबाज के लिए यह पिच बिल्कुल सही मंच है।
प्लेऑफ में असली अग्निपरीक्षा
ड्रू मैकइंटायर का वैभव की जर्सी पहनना बताता है कि 15 साल का यह लड़का अब दुनिया भर में पहचाना जा रहा है। लेकिन असली इम्तिहान अब एलिमिनेटर में होगा। अगर वैभव का बल्ला चला तो ड्रू का 'Chosen One' कैप्शन और ज्यादा सुर्खियां बटोरेगा। फैंस को उम्मीद है कि यह किशोर बल्लेबाज दबाव में भी अपना जलवा दिखाएगा।


