Year Ender 2025: ये साल भारतीय खेल के लिए रहा शानदार, क्रिकेट से लेकर हॉकी तक, हर तरफ दिखा टीम इंडिया का जलवा

साल 2025 भारतीय खेलों के लिए यादगार रहा. क्रिकेट से लेकर एथलेटिक्स, शतरंज और हॉकी तक भारतीय खिलाड़ियों ने दुनिया भर में नाम कमाएं हैं. आइए जानते हैं साल 2025 के पांच बड़े पल.

Sonee Srivastav

Year Ender 2025: 2025 भारतीय खेलों के लिए एक यादगार साल रहा. क्रिकेट से लेकर एथलेटिक्स, शतरंज और हॉकी तक, हमारे खिलाड़ियों ने दुनिया भर में झंडे गाड़े. ये जीतें सिर्फ ट्रॉफी नहीं, बल्कि मेहनत और लगन की मिसाल हैं. आइए, साल के उन पांच बड़े पलों को याद करें जिन्होंने लाखों लोगों को प्रेरित किया. 

1. महिला क्रिकेट टीम का पहला वनडे विश्व कप खिताब

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने घरेलू मैदान पर इतिहास रचा. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार आईसीसी महिला वनडे विश्व कप जीता. बल्लेबाजों की शानदार पारियां और गेंदबाजों का दमदार प्रदर्शन इस जीत की कुंजी रहा. यह सफलता महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले गई.

2. पुरुष टीम की चैंपियंस ट्रॉफी में तीसरी जीत

रोहित शर्मा के नेतृत्व में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर टीम ने तीसरी बार यह खिताब अपने नाम किया. विराट कोहली और गेंदबाजों की बेहतरीन भूमिका से भारत सबसे सफल टीम बन गया. यह जीत सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारत की मजबूती दिखाती है.

3. नीरज चोपड़ा का 90 मीटर भाला फेंकना

ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर थ्रो कर नया कीर्तिमान बनाया. पहली बार 90 मीटर पार करने वाले भारतीय बनकर उन्होंने एथलेटिक्स में देश का मान बढ़ाया. यह उपलब्धि उनकी लगातार मेहनत का प्रमाण है और युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनी. 

4. दिव्या देशमुख की महिला विश्व कप शतरंज जीत

केवल 19 साल की दिव्या देशमुख ने जॉर्जिया में फिडे महिला विश्व कप जीतकर सबको चौकाया. फाइनल में अनुभवी कोनेरू हम्पी को हराकर वे ग्रैंडमास्टर बनीं. भारतीय शतरंज की नई पीढ़ी की यह झलक है, जो आगे और सफलताओं का वादा करती है. 

5. पुरुष हॉकी टीम की एशिया कप विजय

हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बिहार में एशिया कप जीता. फाइनल में दक्षिण कोरिया को हराकर आठ साल बाद खिताब लौटाया. युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के मेल से टीम ने मजबूत खेल दिखाया और 2026 विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया. ये पल बताते हैं कि भारतीय खेल अब नई ऊंचाइयों छू रहे हैं. 2026 में और बड़ी कामयाबियां आने की उम्मीद है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag