कोच्चि में किराए के घर से 5 शव बरामद, एकसाथ खत्म हो गई एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां

केरल के कोच्चि में एक परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने से सनसनी फैल गई. शुरुआती जांच में सामूहिक आत्महत्या का शक है, जिसमें दो महिलाओं ने तीन बच्चों को जहर देने के बाद खुद भी जान दे दी.

Shraddha Mishra

कोच्चि: केरल के कोच्चि शहर से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. एक किराए के घर से एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से न सिर्फ स्थानीय लोग बल्कि पुलिस भी हैरान है. शुरुआती जांच में मामला सामूहिक आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, जिसमें दो महिलाओं और तीन छोटे बच्चों की जान चली गई.

यह घटना वदुथला इलाके के एक किराए के मकान की है, जहां शनिवार को पांच लोगों के शव पाए गए. मृतकों में 58 वर्षीय श्रीकुमारी, उनकी 36 वर्षीय बेटी अश्वथी नायर और अश्वथी के तीन बच्चे शामिल हैं. बच्चों में दो बेटे (14 और 4 वर्ष) और एक 2 साल की बेटी थी. यह परिवार मूल रूप से तिरुवनंतपुरम के विलाप्पिलसाला का रहने वाला बताया जा रहा है.

इलाज के लिए कोच्चि में ठहरा था परिवार

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह परिवार फरवरी महीने से कोच्चि में रह रहा था. उनके बड़े बेटे का पास के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था. इसी कारण पूरा परिवार यहां किराए के मकान में रह रहा था. जानकारी के मुताबिक, वे जल्द ही इस घर को छोड़ने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक घटना हो गई.

केबल ऑपरेटर ने खोला राज

घटना का खुलासा तब हुआ जब एक केबल टीवी ऑपरेटर काम के सिलसिले में घर पहुंचा. उसने जब खिड़की से अंदर झांका, तो अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए. उसने देखा कि दो महिलाएं फंदे से लटकी हुई हैं. इसके बाद उसने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी.

सुसाइड नोट मिला, जांच जारी

सूचना मिलने पर एर्नाकुलम नॉर्थ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घर से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है, जिससे यह अंदेशा और मजबूत हो गया है कि यह आत्महत्या का मामला है. पुलिस को शक है कि महिलाओं ने पहले बच्चों को जहर दिया और फिर खुद फांसी लगा ली. हालांकि, इस बात की पुष्टि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो पाएगी.

कारणों की तलाश में पुलिस

फिलहाल पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर इस परिवार ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया. सुसाइड नोट की जांच की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखा जा रहा है. संभावना जताई जा रही है कि आर्थिक तंगी या लंबे समय से चल रहे इलाज का दबाव इस घटना के पीछे कारण हो सकता है. हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो