'मुंबई-दिल्ली पर हमला', पाकिस्तान के पूर्व हाई कमिश्नर की भारत को धमकी
पाकिस्तान के पूर्व उच्चायुक्त अब्दुल बासित का एक भड़काऊ बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने काल्पनिक स्थिति में भारत के शहरों को निशाना बनाने की बात कही. इस बयान ने क्षेत्रीय तनाव और सुरक्षा चिंताओं को फिर से बढ़ा दिया है.

नई दिल्ली: पाकिस्तान की ओर से भारत के खिलाफ बयानबाजी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. इसी बीच पाकिस्तान के पूर्व उच्चायुक्त अब्दुल बासित का एक भड़काऊ बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने भारत के प्रमुख शहरों को निशाना बनाने की बात कही है.
यह बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है और अमेरिका-इजरायल व ईरान के बीच जारी संघर्ष को कई सप्ताह हो चुके हैं. इस संवेदनशील माहौल में दिए गए इस बयान ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं.
भड़काऊ बयान से बढ़ा विवाद
अब्दुल बासित ने एक काल्पनिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा, "सोचिए अमेरिका पाकिस्तान के ऊपर हमला करता है तो पाकिस्तान को भारत की राजधानी दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों पर बम गिराने चाहिए." उनका यह बयान काफी उकसाने वाला माना जा रहा है.
उन्होंने यह भी कहा कि भले ही पाकिस्तान अपने सीधे लक्ष्य तक न पहुंच सके, लेकिन उसे भारतीय शहरों को निशाना बनाने का इरादा नहीं छोड़ना चाहिए. इस बयान से भारत के प्रति पाकिस्तान की मानसिकता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
टीवी डिबेट में कही ये बातें
एबीएन न्यूज के साथ एक टीवी चर्चा के दौरान बासित ने कहा, "मान लीजिए, ईरान में हालात खराब हो जाते हैं. इजरायल हमारे पड़ोस में आकर बैठ जाता है. ऐसे हालात बन जाते हैं कि जहां अमेरिका भी हमारे न्यूक्लियर प्रोग्राम को बुरी नजर से देखता है, या फिर हमारे परमाणु क्षमता को तबाह करने की कोशिश करता है, जो नामुमकिन."
उन्होंने आगे कहा, "लेकिन, मैं सबसे बुरे हालात की बात कर रहा हूं, जो कि नामुमकिन है, क्योंकि पाकिस्तान की इतनी क्षमता है कि वह अपनी रक्षा कर सके, लेकिन, अगर कोई ऐसे हालात बन जाते हैं कि अगर अमेरिका ने पाकिस्तान पर हमला कर दिया… हमारे न्यूक्लियर रेंज में अमेरिका नहीं है, हम क्षेत्रीय इलाकों में उनके अड्डों पर भी नहीं पहुंच सकते या हम इजरायल पर भी हमला नहीं कर सकते, तो हमारे लिए क्या रास्ता होगा."
भारत पर हमला कर देना है
अपने बयान को आगे बढ़ाते हुए बासित ने कहा, "हमने तो देखिए, और कुछ नहीं करना. अगर हमारी रेंज अमेरिका तक न भी हुई और हम पर तो किसी ने बुरी नजर डाली, तो हमें तो बिना सोचे समझे भारत पर हमला कर देना है. मुंबई पर कर देना है, नई दिल्ली पर कर देना है. हमें तो छोड़ना नहीं है. देखी जाएगी, जो कुछ बाद में होता है. हमारे पास और कोई रास्ता नहीं होगा, अगर अमेरिका हम पर हमला करता है, जो कि नामुमकिन है."
उन्होंने अंत में कहा, "तो ये बात जान लेनी चाहिए दुनिया को कि अगर हम पर किसी ने बुनी निगाह डाली, तो हम जवाब दिए बिना पीछे नहीं हटेंगे. अपनी बात को विराम देते हुए उन्होंने कहा कि हालांकि भारत भी ऐसा नहीं चाहेगा और न हम ऐसी कोई स्थिति चाहते हैं. हम चाहेंगे कि वे हमें मैली आंखों से न देखें."
कौन हैं अब्दुल बासित?
अब्दुल बासित पाकिस्तान के पूर्व उच्चायुक्त रह चुके हैं और भारत में करीब तीन साल तक इस पद पर तैनात रहे. इसके अलावा वे कई देशों में पाकिस्तानी दूतावास में अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं. वह 2012 से 2014 तक जर्मनी में पाकिस्तान के राजदूत भी रहे. भारत में उनका कार्यकाल 2014 में शुरू हुआ था और तीन वर्षों तक चला.


