Bihar Election Results: पटना से मोकामा तक...इन सीटों पर एनडीए और महागठबंधन की दांव पर सियासत

बिहार में 14 नवंबर को होने वाली मतगणना से पहले पटना, सीवान, सारण और अन्य जिलों की कई हाई-प्रोफाइल सीटों पर NDA और महागठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला है. खेसारी लाल से लेकर दिग्गज नेताओं तक कई सीटों पर त्रिकोणीय और सीधी भिड़ंत चुनाव को बेहद रोचक बना रही है.

calender

पटनाः बिहार 14 नवंबर को होने वाली मतगणना के लिए पूरी तरह तैयार है. राज्य के कई हाई-प्रोफाइल सीटों पर इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प है और यह लड़ाई न केवल उम्मीदवारों की, बल्कि NDA और महागठबंधन की प्रतिष्ठा से भी जुड़ी है. पटना से लेकर सीवान तक, नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के गठबंधनों के बीच की सीधी टक्कर पूरे चुनाव की दिशा तय करने वाली है.

हाल ही में 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में हुए मतदान में बड़ी संख्या में वोटिंग हुई, जिसने कई सीटों को बेहद प्रतिस्पर्धी बना दिया है. इन चुनावों में दिग्गज नेताओं की हिस्सेदारी ने राजनीतिक माहौल को और तीखा किया है.

पटना में हाई-प्रोफाइल मुकाबले

राजधानी पटना के आसपास कई सीटें राजनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील मानी जा रही हैं. दानापुर में केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव (NDA) का सामना RJD के रीत लाल यादव से है. यह मुकाबला शहरी और ग्रामीण वोटरों के रुझान की असली परीक्षा माना जा रहा है. 1मनेर में NDA के जितेंद्र यादव और RJD के मौजूदा विधायक भाई वीरेंद्र के बीच पुराना राजनीतिक संघर्ष फिर से गरम है.

भोजपुरी स्टार से लेकर बड़े नेताओं तक सियासी जंग

सारण की छपरा सीट इस बार खास बनी हुई है क्योंकि यहाँ भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव महागठबंधन की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं, उनका मुकाबला NDA की छोटी कुमारी से है. फुलवारी में पूर्व मंत्री श्याम रजक (NDA) और महागठबंधन के गोपाल रविदास के बीच कड़ी भिड़ंत है.

उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तारापुर से NDA के प्रमुख चेहरे के रूप में मैदान में हैं, जहां उनका सामना अरुण कुमार (महागठबंधन) से है. पटना साहिब, जो एक शहरी और उच्च-जाति बहुल सीट मानी जाती है, BJP के रत्नेश कुशवाहा (NDA) और कांग्रेस के शशांत शेखर (महागठबंधन) के बीच टक्कर का गवाह बन रही है.

महुआ से राघोपुर तक यादव परिवार की परीक्षा

महुआ सीट एक बार फिर दिलचस्प बनी हुई है, जहां NDA के संजय कुमार सिंह का मुकाबला RJD के मुकेश रोशन और जेजेडी के तेज प्रताप यादव दोनों से है. राघोपुर में तेजस्वी यादव खुद NDA के सतीश कुमार यादव और जन सुराज के चंचल सिंह के खिलाफ अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखने की कोशिश में हैं.

मोकामा, करगहर और अन्य सीटों पर सख्त लड़ाई

मोकामा सीट पर बाहुबली अनंत सिंह (NDA), महागठबंधन के सूरजभान सिंह और जन सुराज के पीयूष प्रियदर्शी के बीच त्रिकोणीय संघर्ष है. करगहर में NDA के बशिष्ठ सिंह, महागठबंधन के संतोष मिश्रा और JSP के रितेश पांडे आमने-सामने हैं.

गोपालपुर से नालंदा तक अहम भिड़ंत

गोपालपुर में NDA के डबलू यादव, महागठबंधन के शैलेश मंडल और निर्दलीय उम्मीदवार गोपाल मंडल चुनावी मैदान में जोर आजमा रहे हैं. नालंदा से नीतीश कुमार के विश्वस्त श्रवण कुमार (NDA) का मुकाबला महागठबंधन के कौशलेंद्र कुमार से है. जहानाबाद में NDA के चंद्रेश्वर प्रसाद और कांग्रेस के राहुल शर्मा के बीच मुकाबला है, जबकि मुजफ्फरपुर में BJP के रंजन कुमार और विजेंद्र चौधरी (महागठबंधन) के बीच सीधा संघर्ष दिख रहा है.

सीवान, अलीनगर और कुम्हरार की सियासी तस्वीर

सीवान में पूर्व मंत्री मंगल पांडे (NDA) और RJD के वरिष्ठ नेता अवध बिहारी चौधरी में तगड़ी भिड़ंत है. अलीनगर में मशहूर गायिका और सामाजिक कार्यकर्ता मैथिली ठाकुर (NDA) RJD के बिनोद मिश्रा को चुनौती दे रही हैं. कुम्हरार में BJP के संजय गुप्ता, कांग्रेस के इंद्रदीप चंद्रवंशी और JSP के केसी सिन्हा के बीच रोचक त्रिकोणीय मुकाबला है.

First Updated : Friday, 14 November 2025