दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
दिल्ली विधानसभा को गुरुवार सुबह बम धमाके की धमकी वाला ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं. हाल ही में हुई सुरक्षा चूक के बाद इस धमकी को गंभीर मानते हुए जांच तेज कर दी गई है और सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.

राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है. गुरुवार सुबह दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ई-मेल मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. हाल ही में विधानसभा परिसर में हुई सुरक्षा चूक के बाद यह घटना और भी गंभीर मानी जा रही है.
सुबह करीब 8 बजे आया मेल
जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 8 बजकर 14 मिनट पर यह संदिग्ध ई-मेल प्राप्त हुआ. यह मेल एक विदेशी नाम वाली आईडी से भेजा गया था और इसमें विस्फोट से जुड़ी धमकी दी गई थी. इतना ही नहीं, जांच में सामने आया कि यही ई-मेल दिल्ली सरकार के कई आधिकारिक ई-मेल पतों पर भी भेजा गया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है.
ई-मेल के कंटेंट में भड़काऊ और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था. इसमें राजधानी में धमाके की चेतावनी के साथ-साथ अलगाववादी नारे भी लिखे गए थे. साथ ही, आत्मघाती हमले का जिक्र करते हुए कुछ संभावित स्थानों और समय का संकेत भी दिया गया था, जिसे देखते हुए मामले को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है.
इससे पहले सोमवार को भी दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई थी, जब एक व्यक्ति तेज रफ्तार कार लेकर वीवीआईपी गेट नंबर-2 का बैरियर तोड़ते हुए परिसर में घुस गया था. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था. हालांकि पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर उसे पकड़ लिया था. इस घटना ने पहले ही सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे.
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
अब ताजा धमकी भरे ई-मेल ने सुरक्षा एजेंसियों को और सतर्क कर दिया है. पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां इस ई-मेल की उत्पत्ति और इसके पीछे शामिल लोगों की पहचान करने में जुट गई हैं. साथ ही, सभी संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हर पहलू से जांच की जा रही है.
अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की धमकियों को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है और किसी भी संभावित खतरे को टालने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है.


