गोरखपुर में कांग्रेस बैठक के दौरान चले लात-घूंसे, मारपीट का Video वायरल

गोरखपुर में कांग्रेस पार्टी की बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है. 20 जुलाई को सत्यम लॉन में हुई इस घटना का वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो में कुछ लोगों को मारते और खदेड़ते हुए देखा जा सकता है.

Shivani Mishra
Edited By: Shivani Mishra

Gorakhpur Congress Meeting Video: कांग्रेस पार्टी की पूर्वी जोन की बैठक के दौरान हुई मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद सियासी गलियारों में हलचल मच गई है. यह घटना 20 जुलाई को देवरिया बाइपास स्थित सत्यम लॉन में हुई थी, जहां वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी से ठीक पहले कुछ कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई थी. अब इस घटना का एक मिनट आठ सेकंड का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया है.

वीडियो में कुछ लोग सत्यम लॉन से अन्य लोगों को जबरन बाहर खदेड़ते हुए नजर आ रहे हैं. इसमें देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति मुख्य द्वार के पास गिर जाता है, जिसके बाद भी उसकी पिटाई जारी रहती है. यह वीडियो सत्यम लॉन के मुख्य गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ बताया जा रहा है. हालांकि, जनभावना टाइम्स इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.

वरिष्ठ नेताओं के आने से पहले ही भड़की थी हिंसा

20 जुलाई को सत्यम लॉन में कांग्रेस पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई थी, जिसमें राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होने वाले थे. लेकिन उनके आने से कुछ देर पहले ही कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई.

उरुवा के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ने दर्ज कराई FIR

इस घटना के बाद उरुवा के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सच्चिदानंद तिवारी ने रामगढ़ताल थाने में तहरीर दी और जिला अध्यक्ष राजेश तिवारी समेत 15 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई. सच्चिदानंद का आरोप है कि उन्हें और उनके समर्थकों को जानबूझकर पीटा गया.

जिलाध्यक्ष ने लगाए आरोपों को नकारा

दूसरी ओर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा, “कुछ बाहरी लोग कार्यक्रम में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें कार्यक्रम स्थल से बाहर कर दिया गया. किसी तरह की मारपीट नहीं हुई.”

अगले दिन वरिष्ठ नेता की भी हुई पिटाई

इस विवाद के ठीक अगले दिन यानी 21 जुलाई को, ट्रांसपोर्ट नगर स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय के बाहर सड़क पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलोक शुक्ल की भी पिटाई कर दी गई. इस घटना का वीडियो भी उसी दिन इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया था. 

जिला कांग्रेस कमेटी के मीडिया सेल के चेयरमैन गोरखलाल श्रीवास्तव ने वायरल वीडियो को लेकर कहा, "हमें वीडियो की कोई जानकारी नहीं है. पार्टी नेतृत्व को वास्तविक स्थिति की पूरी जानकारी है."

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag