महाराष्ट्र की इस मंत्री को अश्लील मैसेज भेजने वाला आरोपी गिरफ्तार... पुणे से पकड़ा गया इंजीनियरिंग ग्रेजुएट, जानिए कौन है वो शख्स?

महाराष्ट्र की मंत्री पंकजा मुंडे को अश्लील कॉल्स और मैसेज भेजने वाले 25 वर्षीय आरोपी को पुणे से गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी इंजीनियरिंग ग्रेजुएट है और पुलिस ने साइबर शिकायत के आधार पर उसे ट्रैक कर पकड़ लिया. अब पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Aprajita
Edited By: Aprajita

Maharastra: महाराष्ट्र सरकार की पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे के पर्सनल मोबाइल नंबर पर लगातार अश्लील फोन कॉल्स और गंदे मैसेज भेजने वाले युवक को पुणे से गिरफ्तार किया गया है. इस युवक की पहचान 25 वर्षीय अमोल छगनराव काले के रूप में हुई है, जो बीड का रहने वाला है और इंजीनियरिंग का छात्र है.

बार-बार फोन करके परेशान कर रहा था आरोपी

पंकजा मुंडे को पिछले कुछ दिनों से लगातार उनके पर्सनल मोबाइल नंबर पर अश्लील बातें करने और गंदे मैसेज भेजने का सामना करना पड़ रहा था. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री ने महाराष्ट्र की साइबर पुलिस से मदद मांगी. साइबर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने कैसे किया आरोपी को ट्रैक?

महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 78 (पीछा करना) और 79 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया. इसके साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की भी धारा लगाई गई. पुलिस ने आरोपी के फोन नंबर को ट्रैक कर उसकी लोकेशन का पता लगाया और फिर उसे पुणे के भोसरी इलाके से गिरफ्तार किया.

कस्टडी में आरोपी, पुलिस कर रही है पूछताछ

अमोल काले को पुलिस ने मुंबई कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 2 दिन की कस्टडी में भेज दिया गया है. पुलिस अब इस मामले में हर पहलू से जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि इस हरकत के पीछे अकेला आरोपी है या फिर उसके साथ और भी लोग शामिल हैं.

पंकजा मुंडे ने की थी शिकायत

इस मामले में पंकजा मुंडे ने साइबर पुलिस से शिकायत की थी कि उनका मोबाइल नंबर सार्वजनिक होने के बाद उन्हें अश्लील कॉल्स और मैसेज मिल रहे थे. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार किया. इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर से सोशल मीडिया और डिजिटल सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

इस मामले में पुलिस अब यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह एक अकेले आरोपी की करतूत थी या इसके पीछे कोई और नेटवर्क काम कर रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो