फरीदाबाद: महिला थाना सेंट्रल की टीम ने महिलाओं के साथ भद्दे कमेंट करते 12 मनचलों पर कसा शिकंजा

पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा के आदेशानुसार महिला थाना सेक्टर-16 प्रभारी इंस्पेक्टर गीता तथा हेल्प डेस्क की टीम ने महिला विरुद्ध अपराध के प्रति महिलाओं को जागरूक करने के साथ-साथ महिलाओं तथा छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले 12 मनचलों को काबू किया है

Janbhawana Times
Janbhawana Times

रिपोर्ट- सुनील चौधरी (फरीदाबाद, हरियाणा)

हरियाणा। पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा के आदेशानुसार महिला थाना सेक्टर-16 प्रभारी इंस्पेक्टर गीता तथा हेल्प डेस्क की टीम ने महिला विरुद्ध अपराध के प्रति महिलाओं को जागरूक करने के साथ-साथ महिलाओं तथा छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले 12 मनचलों को काबू किया है।

पूछताछ करने पर पता चला कि कुछ मनचले युवक पढ़ाई करते हैं तथा कुछ लड़के आवारा घूमते रहते हैं। जो आने-जाने वाली छात्राओं तथा महिलाओं पर भद्दे कमेंट पास करते हैं। लड़कों से पूछताछ करने पर पता चला कि इनकी उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष है। इनमें कोई दसवीं तक पढ़ा हुआ है, कोई 12वीं तक, कोई कॉलेज में पढ़ रहा है तो कोई पढ़ाई छोड़ कर प्राइवेट काम करता है।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि काबू किए गए मनचलों में रिषी, असरफ, गौरव, रोहित, अभिषेक, सुमित, कैफसेफी, अरमान, सोनू, विश्वजीत, गौरव और मुमचुन का नाम शामिल है। मनचलों को सेक्टर-29, टाउन पार्क से काबू किया गया है।

मनचलों को काबू करने के लिए महिला पुलिसकर्मी सादी वर्दी में मौजूद थी। युवकों ने जब सादी वर्दी में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ छेड़छाड़ व भद्दे कमेंट करने लगे तो आरोपियों को महिला पुलिस ने मौके से काबू कर लिया।

भद्दे कमेंट करने वाले युवकों के परिजनो को थाने बुलाया गया तथा उन्हें सख्त हिदायत और चेतावनी दी गई, कि यदि अगली बार वह ऐसी हरकत करते हुए पाए गए तो उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिसमें उन्हें जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है।

उसके पश्चात महिला थाना प्रभारी गीता ने पार्क में महिलाओं को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त आदेशानुसार महिला पुलिस सादी वर्दी में सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के बीच मौजूद रहती हैं। हमारा उद्देश्य यही है कि महिलाएं सुरक्षित रहें, निडर रहें, स्वस्थ रहें।

महिला पुलिस की टीम ने महिलाओं और युवतियों को अपराधों के प्रति सतर्क रहने और महिला हिंसा के प्रति आवाज उठाने के लिए जागरूक किया और महिला थाना प्रभारी ने महिलाओं व युवतियों को दुर्गा शक्ति कार्यक्रम के तहत कानूनी जानकारी दी। साथ ही कहा कि महिलाओं को अपराधों और महिला हिंसा जैसी घटनाओं के खिलाफ अपनी आवाज उठानी होगी।

उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी नोट कराए। उन्होंने महिलाओं और बच्चियों को महिला हेल्प लाइन नंबर की जानकारी देते हुए, उन्हें हेल्पलाइन नंबरों 1091 के पम्पलेट भी दिए और महिला हिंसा होने पर महिलाओं को थाने में महिला हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज करवाने की अपील की।

calender
19 November 2022, 06:54 PM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो