Nikki Murder Case: ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव में दहेज के लिए हुई निक्की की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. 35 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष ने विवाहिता को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया. इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतका के गांव रूपबास में मातम पसरा हुआ है और लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है.
सोशल मीडिया पर भी मामले को लेकर आक्रोश देखने को मिल रहा है. लोग दहेज लोभियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वहीं, निक्की के पिता ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी पति विपिन के किसी लड़की से अवैध संबंध थे और उसका वीडियो भी वायरल हुआ था.
रूपबास गांव में मृतका के घर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है. रिश्तेदारों और पड़ोसियों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे. निक्की की मां मंजू बार-बार बेहोश हो रही हैं जबकि पिता भिखारी सिंह गहरे सदमे में गुमसुम बैठे हैं.
पीड़ित परिजनों का कहना है कि निक्की का पति विपिन शराब का आदी था और कोई काम नहीं करता था. इसी वजह से घर में आए दिन विवाद होते रहते थे. मृतका की बहन कंचन ने बताया कि आग लगाने से कुछ देर पहले ही झगड़ा हुआ था. जब उसने बीच-बचाव किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई.
कंचन ने बताया कि बहन के कमरे से "मार दो, खत्म कर दो" की आवाजें आ रही थीं. वह ड्रिप हटाकर दौड़ी तो देखा कि निक्की आग की लपटों में घिरी सीढ़ियों से नीचे उतर रही थी और पति व सास से जिंदगी की भीख मांग रही थी. पड़ोसी किसी तरह आग बुझाकर निक्की को गंभीर हालत में फोर्टिस अस्पताल ले गए.
निक्की के पिता भिखारी सिंह ने सनसनीखेज खुलासा किया है कि विपिन का किसी लड़की के साथ संबंध था. वर्ष 2024 का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें वह कार में एक युवती के साथ पकड़ा गया था. वीडियो में लोगों को विपिन के साथ हाथापाई करते हुए भी देखा जा सकता है.
पुलिस ने मुख्य आरोपी पति विपिन भाटी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि जेठ रोहित, सास दया और ससुर सतवीर अब भी फरार हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
भिखारी सिंह ने अपनी दोनों बेटियों निक्की और कंचन की शादी दिसंबर 2016 में सिरसा गांव के दो भाइयों विपिन और रोहित से की थी. शादी में स्कॉर्पियो समेत दान-दहेज दिया गया, लेकिन इसके बावजूद 35 लाख रुपये की डिमांड लगातार की जाती रही. मारपीट और पंचायतें भी कई बार हुईं, मगर हालात सुधरने के बजाय बिगड़ते गए और आखिरकार निक्की को अपनी जान गंवानी पड़ी. First Updated : Sunday, 24 August 2025