2023 में पति और अब पत्नी की हत्या...दिल्ली में 44 वर्षीय महिला के सिर में मारी गोली, बेटी ने बताई ये वजह

दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में एक 44 वर्षीय महिला की अज्ञात लोगों के द्वारा सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक रचना यादव का शव बरामद किया. पुलिस को आशंका है कि घटना साल 2023 में हुए महिला के पति की हत्या से जुड़ी हो सकती है.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

नई दिल्ली : उत्तर-पश्चिम दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 44 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान रचना यादव के रूप में हुई है, जो इसी इलाके की निवासी थीं. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया.

सड़क पर मिला शव, सिर में मारी गई गोली

आपको बता दें कि पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि एक महिला को गोली मार दी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां सड़क पर रचना यादव का शव पड़ा मिला. जांच में सामने आया कि हमलावरों ने बेहद नजदीक से रचना के सिर में गोली मारी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटनास्थल से एक खाली कारतूस भी बरामद किया गया है.

पड़ोसी के घर से लौटते वक्त हुआ हमला
वहीं इस पूरे मामले पर उत्तर-पश्चिम जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि रचना यादव पड़ोसी के घर से वापस लौट रही थीं. इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब की मदद से घटनास्थल की गहन जांच करवाई है.

2023 के मर्डर केस से जुड़ सकता है मामला
पुलिस को आशंका है कि यह हत्या वर्ष 2023 में हुए रचना के पति विजेंद्र यादव की हत्या से जुड़ी हो सकती है. विजेंद्र यादव की हत्या का मामला जहांगीरपुरी थाने में दर्ज है और फिलहाल अदालत में विचाराधीन है. पुलिस का कहना है कि उस केस का एक आरोपी अभी भी फरार है, जबकि दूसरा आरोपी तिहाड़ जेल में बंद है. जांच एजेंसियां दोनों मामलों के आपसी संबंधों की पड़ताल कर रही हैं.

बेटी ने लगाए साजिश के गंभीर आरोप
रचना यादव की बड़ी बेटी कनिका यादव ने आरोप लगाया है कि उसकी मां की हत्या उसके पिता के मर्डर केस के मुख्य आरोपी भारत यादव ने करवाई है. कनिका का कहना है कि उनकी मां उस केस में अहम गवाह थीं और कोर्ट में ट्रायल चल रहा था. उन्हें डर था कि रचना के बयान से उन्हें सजा हो सकती है, इसी वजह से यह साजिश रची गई.

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे की साजिश, हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं. इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पुराने केस से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag