भोपाल में रावण दहन से पहले ही पुतले में लगाई आग, नशे में धुत युवकों की हरकत
भोपाल में दशहरा की तैयारियों के बीच नशे में कुछ युवकों ने रावण के पुतले में आग लगा दी, जिससे आयोजकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई.

Bhopal Dussehra Incident: भोपाल में दशहरे की तैयारियों के बीच आज सुबह नशे की हालत में कुछ युवकों ने रावण के पुतले में आग लगा दी. यह घटना उस समय सामने आई जब दशहरा उत्सव की मुख्य तैयारियां चल रही थीं. रावण दहन समारोह के आयोजक और उत्सव में भाग लेने वाले लोग सुबह 6 बजे इस दृश्य को देखकर दंग रह गए.
स्थानीय लोगों और आयोजकों में इस घटना को लेकर गहरी नाराजगी देखने को मिली. दहन से कुछ घंटे पहले ही रावण के पुतले में आग लग जाने से उत्सव की तैयारियों में बाधा उत्पन्न हो गई और लोगों को शाम के लिए नए पुतले की व्यवस्था करनी पड़ रही है.
आग लगा कर भाग गए युवक
चश्मदीदों ने बताया कि ये युवक संदिग्ध हरकतों में लगे थे और घटना के बाद तुरंत मौके से फरार हो गए. मिसरोद थाना प्रभारी संदीप पवार ने बताया कि आरोपित बिना नंबर की कार से आए थे, उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं. पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल डायल-112 के माध्यम से कार्रवाई की, लेकिन तब तक रावण का पुतला पूरी तरह जल चुका था. इस घटना ने आयोजकों के लिए शाम के समारोह की तैयारियों को चुनौतीपूर्ण बना दिया है.
दशहरा: बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक
देशभर में दशहरा उत्सव बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है. इस अवसर पर रावण के विशाल पुतलों को आग के हवाले किया जाता है. इन पुतलों में पटाखों का प्रयोग किया जाता है और समुदाय प्रकाश और ध्वनि शो के साथ त्योहार का आनंद लेता है. इस साल भोपाल में यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना दशहरा की सांस्कृतिक भव्यता को प्रभावित कर सकती है. आयोजकों ने लोगों से संयम बनाए रखने और पुलिस सहयोग देने की अपील की है.


