नागपुर में पत्नी ने रची खौनी साजिश, प्रेमी की मदद से कर दी पति की हत्या
नागपुर में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने लकवाग्रस्त पति की हत्या कर दी.

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने लकवाग्रस्त पति की हत्या कर दी. इस हत्या को उन्होंने प्राकृतिक मृत्यु का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उनकी साजिश का पर्दाफाश कर दिया.
घटना के अनुसार, दिशा रामटेके (30) की शादी चंद्रसेन रामटेके (38) से करीब 13 साल पहले हुई थी. दंपति के तीन बच्चे हैं, दो बेटियां और एक छह साल का बेटा. दो साल पहले चंद्रसेन को लकवा मार गया था, जिससे वह पूरी तरह से बिस्तर पर आश्रित हो गए थे. परिवार की आर्थिक स्थिति संभालने के लिए दिशा पानी के डिब्बे बेचने का काम कर रही थी.
पति-पत्नी के संबंधों में दरार
शादी के शुरुआती वर्षों से ही पति-पत्नी के संबंधों में दरार थी. चंद्रसेन अक्सर दिशा के चरित्र पर संदेह करता था, जिससे दोनों के बीच मतभेद बढ़ते गए. इसी दौरान दिशा की मुलाकात आसिफ इस्लाम अंसारी उर्फ 'राजाबाबू टायरवाला' नामक एक मैकेनिक से हुई. धीरे-धीरे यह जान-पहचान प्रेम संबंध में बदल गई.
जब चंद्रसेन को अपनी पत्नी के इस अवैध रिश्ते की भनक लगी, तो घर में तनाव और बहसें शुरू हो गईं. इसके बाद दिशा और उसके प्रेमी ने मिलकर चंद्रसेन को रास्ते से हटाने की साजिश रची. बीते शुक्रवार को, जब चंद्रसेन दोपहर में घर पर सो रहा था, तो दिशा ने आसिफ को बुलाया. योजना के तहत दिशा ने अपने पति को नीचे दबा लिया और आसिफ ने तकिया से उसका मुंह दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया.
बेहोशी की हालत में पाया गया बेहोशी
हत्याकांड के कुछ घंटों बाद, चंद्रसेन बेहोशी की हालत में पाया गया. दिशा ने इसे स्वाभाविक मृत्यु का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम में दम घोंटने की पुष्टि हुई. पुलिस जांच के दौरान दिशा ने आखिरकार अपना अपराध स्वीकार कर लिया. फिलहाल दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है.


