इंदौर: कलेक्शन के बहाने बुलाकर करवाई तुषार की हत्या, तीन गिरफ्तार

इंदौर में इवेंट कंपनी संचालक तुषार संगर की हत्या डेली कलेक्शन के चक्कर में हुई है। गैंगस्टर सलमान लाला गैंग के सदस्य गिरधारी ने पूरा षड्यंत्र रचा था

Janbhawana Times
Janbhawana Times

इंदौर, मध्य प्रदेश। इंदौर में इवेंट कंपनी संचालक तुषार संगर की हत्या डेली कलेक्शन के चक्कर में हुई है। गैंगस्टर सलमान लाला गैंग के सदस्य गिरधारी ने पूरा षड्यंत्र रचा था। उसने कलेक्शन के बहाने बुलाया और लाला के भाई गोलू व आदिल से हत्या करवा दी। पुलिस ने नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

द एड्रेस (निपानिया) निवासी 35 वर्षीय तुषार पुत्र राहुल संगर इवेंट कंपनी के साथ शेयर बाजार और माइक्रो फायनेंस (मुद्रा फायनेंस) का काम करता था। छोटी खजरानी, नया बसेरा, नेहरू नगर जैसी छोटी बस्तियों में डायरियों पर रुपए बांटता था। छोटी खजराना के गिरधारी ने भी चार डायरियों पर रुपए ले रखे थे।

शुक्रवार को तुषार का कर्मचारी नीलेश खन्ना कलेक्शन के लिए आया तो गिरधारी ने रुपए देने से मना कर दिया। तुषार ने गिरधारी से फोन पर बात की और फटकार लगाई। गिरधारी जेल में बंद गैंगस्टर सलमान लाला गैंग का सदस्य है। वह लाला की फरारी में मदद करता रहा है।

धक्का मारकर विवाद किया और चाकू मारे -

जानकारी के अनुसार गिरधारी ने लाला के भाई गोलू उर्फ लईक और आदिल को यह बात बताई तो दोनों बदला लेने के लिए तैयार हो गए। गिरधारी से फोन करवा कर साजिश के तहत तुषार को बुलवाया। तुषार अपने कर्मचारी नीलेश के साथ छोटी खजराना पहुंचा। आरोपियों ने ई-रिक्शा से तुषार के स्कूटर को टक्कर मारी और चाकू मारना शुरू कर दिए।

नीलेश तो हमला होता देख गिरधारी के मकान में ही छुप गया। तुषार ने घायल अवस्था में ही पिता को काल कर बुलाया। राहुल चंद्रनगर से घटना स्थल पर पहुंचे तो तुषार खून से सना था। आरोपितों ने राहुल पर भी चाकू और पत्थरों से वार कर दिए। वे जैसे तैसे निजी अस्पताल ले गए लेकिन स्थिति देख उसे एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया।

15 दिन पहले भी हुआ था विवाद -

तुषार के पिता राहुल ने शुक्रवार रात पुलिस को गुमराह किया। उन्होंने यह नहीं बताया कि वह नीलेश के साथ गया था। डेली कलेक्शन और ब्याज वसूलना भी नहीं बताया। देर रात टीआई अजय वर्मा और एएसआई भोलासिंह परिहार ने गिरधारी को हिरासत में लिया तो पूरी घटना बता दी।

पुलिस ने रात में ही मुद्रा फायनेंस की 20 डायरियां जब्त कर लीं। गिरधारी ने झगड़े की वजह भी स्पष्ट कर दी। यह भी कहा कि 15 दिन पूर्व भी तुषार से विवाद हुआ था। रुपए नहीं देने पर राहुल ने धमकाया था। पुलिस ने शनिवार शाम आरोपी लोकेश व एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया।

calender
18 December 2022, 02:21 PM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो