नई दिल्लीः भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी मिलिंद महादेव डुंबरे को उनके उत्कृष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए ‘मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस (MSM)’ से सम्मानित किया गया है. यह सम्मान उनके लंबे, अनुशासित और प्रभावशाली सेवा काल में कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक सुधार और जनसेवा के क्षेत्र में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए प्रदान किया गया है.
एजीएमयूटी कैडर (2006 बैच) के आईपीएस अधिकारी मिलिंद महादेव डुंबरे ने अपने करियर के दौरान देश के कई महत्वपूर्ण राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सेवा दी है. उन्होंने अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, चंडीगढ़, पुडुचेरी, दमन एवं दीव तथा दादरा एवं नगर हवेली जैसे संवेदनशील और प्रशासनिक रूप से चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में अहम जिम्मेदारियां निभाईं. हर स्थान पर उन्होंने न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूत किया, बल्कि पुलिस व्यवस्था में आधुनिक सुधारों को भी बढ़ावा दिया.
दिल्ली पुलिस में तैनाती के दौरान श्री डुंबरे ने संयुक्त पुलिस आयुक्त (Joint CP) के रूप में महत्वपूर्ण दायित्व संभाले. इसके अलावा उन्होंने उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम जिला में डीसीपी के रूप में भी कार्य किया. इस दौरान उन्होंने कई जटिल कानून-व्यवस्था की परिस्थितियों को कुशलता से संभाला और संवेदनशील मामलों की जांच की प्रभावी निगरानी की. उनके कार्यों के लिए उन्हें दिल्ली पुलिस आयुक्त की ओर से भी सराहना प्राप्त हुई.
अपने पूरे सेवा काल में मिलिंद महादेव डुंबरे ने पुलिस बल के आधुनिकीकरण, क्षमता निर्माण और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में अहम पहल की. उन्होंने तकनीक के बेहतर उपयोग, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और संस्थागत सुधारों पर विशेष ध्यान दिया, जिससे पुलिस की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार हुआ. उनके नेतृत्व में कई इकाइयों ने बेहतर प्रदर्शन किया और जनता का विश्वास भी मजबूत हुआ.
श्री डुंबरे की एक बड़ी पहचान उनकी सामुदायिक पहुंच (Community Outreach) रही है. उन्होंने पुलिस और आम नागरिकों के बीच संवाद बढ़ाने के लिए कई पहल कीं, जिससे दोनों के बीच की दूरी कम हुई. इसका सीधा लाभ खुफिया सूचनाओं की गुणवत्ता, अपराध नियंत्रण और सामूहिक सहयोग के रूप में देखने को मिला.
अपने करियर में उन्होंने कई चुनौतीपूर्ण और संवेदनशील जिम्मेदारियों को संभालते हुए उच्च स्तर की नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया. कठिन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेना, टीम का मनोबल बनाए रखना और कानून का निष्पक्ष पालन सुनिश्चित करना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषताएं रही हैं.
‘मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस’ भारतीय पुलिस बल में एक प्रतिष्ठित सम्मान माना जाता है, जो दीर्घकालीन, समर्पित और उत्कृष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है. श्री मिलिंद महादेव डुंबरे को यह सम्मान मिलना न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान की पहचान है, बल्कि यह युवा पुलिस अधिकारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है. First Updated : Sunday, 25 January 2026