कांग्रेस के 85th अधिवेशन पर बोले मल्लिकार्जुन खरगे- एक तरफ देश जोड़ने, तो दूसरी तरफ चल रही है तोड़ने की संस्कृति

रायपुर में हो रहे कांग्रेस महा-अधिवेशन का आज दूसरा दिन है। आज मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के लिए कांग्रेसजनों का आभार जताया। वहीं अधिवेशन सत्र को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि ये मात्र कांग्रेस में संभव है कि जो कभी ब्लाक कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष था, आज वो कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गया

Dheeraj Dwivedi
Dheeraj Dwivedi

छत्तीसगढ़। रायपुर में हो रहे कांग्रेस महा-अधिवेशन का आज दूसरा दिन है। आज मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के लिए कांग्रेसजनों का आभार जताया। वहीं अधिवेशन सत्र को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि ये मात्र कांग्रेस में संभव है कि जो कभी ब्लाक कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष था, आज वो कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गया। मैं आज अधिवेशन को संबोधित करते हुए भावुक हो रहा हूं।

उन्होंने कहा कि अधिवेशन को पूर्व में महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, सुभाष चन्द्र बोस ने संबोधित किया था। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आगे कहा कि आज देश में लोकतंत्र को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन वहीं राहुल गांधी ने नफरत के खिलाफ प्यार की यात्रा कर एक नई रोशनी पेश की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने सभी चुनौतियों और विपरीत परिस्थितियों के बीच एक सफल यात्रा की और देशवासियों की तकलीफों को महसूस किया और उसे करीब से जाना।

कांग्रेस पार्टी आज उत्साह और ऊर्जा से भर चुकी है, राहुल गांधी की इस यात्रा ने भारत को एक किया है। बता दें कि मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा और केंद्र सरकार ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन को रोकने की बहुत कोशिश की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं पर ईडी के छापे मारे गए। लेकिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने और कांग्रेस पार्टी ने इन सबका डटकर मुकाबला किया और आज सफल अधिवेशन हो रहा है, इसके लिए भूपेश बघेल और पूरी पार्टी को बधाई और शुभकामनाएं।

 

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आज हमें इसी तरह एकजुट होकर लड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने आगे कहा कि आज देश में एक तरफ जोड़ने की संस्कृति चल रही है तो वहीं दूसरी तरफ तोड़ने की संस्कृति चल रही है। वहीं आज देश में संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है।

बता दें कि कांग्रेस महा-अधिवेशन सत्र के पहले दिन, कांग्रेस संचालन समिति ने सर्वसम्मति से CWC के चुनाव नहीं कराने का फैसला किया और पार्टी के संविधान मेें संशोधन करने पर सहमति बनी। वहीं अधिवेशन मेें शामिल होने के लिए कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी शुक्रवार दोपहर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर सोनिया और राहुल का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित सरकार के अन्य मंत्रियोें और पार्टी पदाधिकारियोें ने जोरदार स्वागत किया।

calender
25 February 2023, 01:52 PM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो