नोएडा वालों के लिए 'मेट्रो' सौगात... सेक्टर-142 से बोटेनिकल गार्डन तक बनेंगे ये 8 स्टेशन, दिल्ली कनेक्टिविटी होगी आसान
नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन का विस्तार सेक्टर-142 से बोटेनिकल गार्डन तक होगा, जिसे PIB और मंत्रालय की मंजूरी मिल चुकी है, अब सिर्फ कैबिनेट की अंतिम स्वीकृति बाकी है.

Noida Metro Extension: नोएडा के लोगों के लिए राहत भरी खबर है. सेक्टर-142 से सेक्टर-38ए बोटेनिकल गार्डन तक मेट्रो एक्सटेंशन प्रोजेक्ट को पब्लिक इनवेस्टमेंट बोर्ड (PIB) से हरी झंडी मिल गई है. ये रूट नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन का विस्तार होगा, जिस पर 8 नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे. परियोजना को केंद्रीय मंत्रालय की मंजूरी भी मिल चुकी है और अब केवल कैबिनेट की अंतिम स्वीकृति का इंतजार है.
इस नई मेट्रो लाइन से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित सेक्टरों को सीधे दिल्ली से कनेक्टिविटी मिलेगी. इससे ना केवल रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि एक्सप्रेसवे पर तेजी से विकसित हो रहे रिहायशी और कारोबारी क्षेत्रों को भी बड़ा फायदा पहुंचेगा.
प्रोजेक्ट का प्रेजेंटेशन और मंत्रालय की मुहर
नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) के प्रबंध निदेशक डॉ. लोकेश एम ने 30 जुलाई को PIB के सामने इस प्रोजेक्ट का प्रेजेंटेशन दिया था. इसमें बताया गया कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे बहुराष्ट्रीय कंपनियों और आवासीय योजनाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है, इसलिए यहां मेट्रो कनेक्टिविटी बेहद जरूरी है. एनएमआरसी अधिकारियों ने बताया कि पीआईबी की मंजूरी और मंत्रालय स्तर से भेजी गई बैठक के मिनट्स प्राप्त हो गए हैं. फिलहाल एनएमआरसी नोएडा से ग्रेटर नोएडा के बीच एक्वा लाइन पर मेट्रो का संचालन कर रहा है.
मौजूदा एक्वा लाइन और नया रूट
अभी एक्वा लाइन मेट्रो सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा डिपो तक चल रही है. इस लाइन का नया विस्तार सेक्टर-142 से बोटेनिकल गार्डन तक होगा. करीब 11.56 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड रूट पर आठ स्टेशन प्रस्तावित हैं. इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के यात्रियों को सीधे दिल्ली तक आसान और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी.
आठ नए मेट्रो स्टेशन होंगे तैयार
सेक्टर-142 से बोटेनिकल गार्डन तक बनने वाले प्रस्तावित आठ मेट्रो स्टेशन इस प्रकार होंगे:
-
सेक्टर-38ए (बोटेनिकल गार्डन)
-
सेक्टर-44 (एफ ब्लॉक पार्क के सामने)
-
सेक्टर-96 (नोएडा प्राधिकरण कार्यालय के पास)
-
सेक्टर-97 (यूनिटेक बिल्डिंग से 150 मीटर ग्रेटर नोएडा की ओर)
-
सेक्टर-105 (हाजीपुर अंडरपास के पास)
-
सेक्टर-108 (जेपी फ्लाईओवर, सेक्टर-82 के पास)
-
सेक्टर-93 (पार्श्वनाथ प्रेस्टीज और एल्डिको सोसाइटी के बीच)
-
सेक्टर-91 (पंचशील इंटर कॉलेज के सामने)
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों को इस एक्सटेंशन से दिल्ली आने-जाने में काफी सुविधा होगी. वहीं एक्सप्रेसवे किनारे स्थित रिहायशी और कारोबारी प्रोजेक्ट्स की वैल्यू भी इस फैसले से बढ़ेगी. मेट्रो का ये विस्तार नोएडा की परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करेगा.


