PM Modi on Gujarat tour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार से दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं. इस दौरान वे अहमदाबाद और राज्य के अन्य हिस्सों में 5400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इनमें रेलवे, सड़क, शहरी विकास, बिजली और ऑटोमोबाइल सेक्टर की कई अहम योजनाएं शामिल हैं.
पहले दिन शाम 6 बजे पीएम मोदी अहमदाबाद के खोडलधाम मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे. इसी मौके पर वे विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और आधारशिला रखेंगे.
26 अगस्त को सुबह 10:30 बजे प्रधानमंत्री हंसलपुर स्थित सुजुकी मोटर प्लांट जाएंगे. यहां वे हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड का स्थानीय उत्पादन शुरू करेंगे और सुजुकी की पहली ग्लोबल इलेक्ट्रिक कार “e-VITARA” के निर्यात की शुरुआत करेंगे. यह कार 100 से अधिक देशों में भेजी जाएगी, जिनमें जापान और यूरोप भी शामिल हैं.
रेलवे सेक्टर में पीएम मोदी 1400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं जनता को समर्पित करेंगे. इनमें महेसाना–पालनपुर रेलमार्ग का 65 किलोमीटर का दोहरीकरण और कलोल–काडी–कटोसन रोड व बिचराजी–रानुज मार्ग की गेज परिवर्तन परियोजनाएं शामिल हैं. इसके अलावा कटोसन रोड से साबरमती तक यात्री सेवा और बिचराजी से कार-लोडेड मालगाड़ी सेवा भी शुरू होगी.
सड़क परियोजनाओं में विरमगाम-खुदाद–रामपुरा रोड का चौड़ीकरण, अहमदाबाद–महेसाना–पालनपुर रोड पर छह-लेन अंडरपास और अहमदाबाद-विरमगाम रोड पर रेलवे ओवरब्रिज का शिलान्यास किया जाएगा. इनसे ट्रैफिक जाम की समस्या घटेगी और कनेक्टिविटी बेहतर होगी.
ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री UGVCL के 1000 करोड़ रुपये से अधिक के बिजली वितरण प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे, जिससे बिजली आपूर्ति आधुनिक और बाधा-रहित बनेगी. शहरी विकास के तहत अहमदाबाद में पीएम आवास योजना के अंतर्गत झुग्गी पुनर्विकास, सरदार पटेल रिंग रोड का चौड़ीकरण, पानी–सीवर प्रबंधन योजनाएं, अहमदाबाद पश्चिम में नया स्टाम्प्स और पंजीकरण भवन और गांधीनगर में स्टेट लेवल डेटा स्टोरेज सेंटर का शिलान्यास होगा.
हंसलपुर का कार्यक्रम दौरे की सबसे बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. यहां पीएम मोदी सुजुकी की इलेक्ट्रिक कार के निर्यात के साथ-साथ TDS लिथियम-आयन बैटरी प्लांट (तोशिबा, डेंसो और सुजुकी का संयुक्त प्रोजेक्ट) में उत्पादन भी शुरू करेंगे. इससे 80% से अधिक बैटरी का मूल्य भारत में ही तैयार होगा और हरित ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में अहम कदम उठेगा. First Updated : Monday, 25 August 2025