'तुम्हारा समय आ गया है...', पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख को फिर मिली जान से मारने की धमकी

पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख को इटली के नंबर से एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है, जिसके बाद पंजाब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

Simran Sachdeva

Mankirt Aulakh: पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख को एक बार फिर जान से मारने की धमकी दी गई है. ये धमकी इटली के एक विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप पर भेजी गई. मनकीरत औलख ने तुरंत इसकी जानकारी पंजाब पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

धमकी भरे मैसेज में क्या लिखा था?

धमकी भरे संदेश में लिखा गया कि तैयार हो जाओ, तुम्हारा समय आ गया है. चाहे तुम्हारी पत्नी हो या तुम्हारा बच्चा, हमें कोई फर्क नहीं पड़ता. हम तुम्हारा काम तमाम करेंगे. ये मत सोचो कि जिसने तुम्हें धमकी दी है, अगर तुम उसका मजाक उड़ाओगे तो उसे कैसा लगेगा. चलो बेटा, अब तुम्हारा क्या होगा.

जांच में जुटी पुलिस

शिकायत के बाद पंजाब पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि धमकी देने वाला कौन है और वो कहां से ऑपरेट कर रहा है. चूंकि ये कॉल और मैसेज विदेशी नंबर से आया है, इसलिए साइबर सेल भी जांच में शामिल है.

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

मनकीरत औलख को पहले भी कई बार गैंगस्टरों से धमकियां मिल चुकी हैं. उनका नाम पंजाब के आपराधिक गैंग्स से जोड़ा जा चुका है. सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद मनकीरत औलख ने अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी. उस समय बंबीहा गैंग ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या के पीछे मनकीरत औलख का हाथ है और वो पंजाब के गायकों से पैसों की वसूली में भी शामिल हैं. इन आरोपों के बाद से ही उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं.

पुलिस ने बंबीहा गैंग की साजिश नाकाम की

मार्च 2023 में चंडीगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंबीहा गैंग के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया था. पुलिस के मुताबिक, ये सभी पंजाबी सिंगर बब्बू मान और मनकीरत औलख की हत्या की साजिश रच रहे थे. जैसे ही पुलिस को इस प्लान की भनक लगी, ऑपरेशन सेल की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया. पकड़े गए चारों के पास से हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे, जो जम्मू-कश्मीर से संपर्क साधकर मंगवाए गए थे. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो