दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, जानिए IMD का अपडेट
दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं से तापमान गिरा, मौसम सुहावना हुआ और आज के लिए येलो अलर्ट जारी है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदले मौसम का असर जारी है, हालांकि कल से धीरे-धीरे मौसम साफ होने और तापमान बढ़ने की संभावना है.

दिल्ली-एनसीआर में अचानक बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत दे दी है. बीती रात हुई तेज बारिश, गरज और हवाओं के चलते तापमान में अच्छी-खासी गिरावट दर्ज की गई. सुबह और शाम के समय मौसम सुहावना बना हुआ है और ठंडक महसूस की जा रही है. मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आज भी इसी तरह का मौसम बना रह सकता है और कई इलाकों में बारिश जारी रहने की संभावना है.
आज के लिए येलो अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, दिन और रात के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है. इसके अलावा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. तापमान की बात करें तो न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जिससे मौसम में ठंडक बनी रहेगी और लोगों को राहत मिलेगी.
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के कई इलाकों में भी बारिश के आसार हैं. गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर और बल्लभगढ़ में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं राजधानी के कई हिस्सों जैसे द्वारका, नजफगढ़, दिल्ली कैंट, इंडिया गेट, अक्षरधाम, सफदरजंग, लोधी रोड, वसंत विहार, आरके पुरम, लाजपत नगर और हौजखास समेत कई क्षेत्रों में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना जताई गई है. नोएडा, दादरी और ग्रेटर नोएडा जैसे इलाकों में तेज हवाओं के साथ कुछ जगहों पर ज्यादा बारिश भी हो सकती है.
कल से सुधार की उम्मीद
कल के मौसम की बात करें तो स्थिति में धीरे-धीरे सुधार आने की उम्मीद है. सुबह के समय बादल रह सकते हैं, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान आंशिक रूप से साफ हो सकता है. बारिश की संभावना कम रहेगी और तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. अधिकतम तापमान 27 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री रहने का अनुमान है.
मौसम में यह बदलाव एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण आया है, जिसका असर पूरे उत्तर भारत में देखने को मिल रहा है. इसी वजह से अचानक बारिश, तेज हवाएं और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है.
गौरतलब है कि हालिया बारिश ने पिछले तीन साल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. राजधानी के मुख्य केंद्र सफदरजंग में 24 घंटों के भीतर 6.4 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहीं आयानगर में सबसे ज्यादा 14.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. इस असामान्य बारिश ने अप्रैल की शुरुआत में ही मौसम को ठंडा कर दिया है.


