उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां एक ऑटो चालक पर दर्जनों हिन्दू युवतियों को निशाना बनाकर उनके अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है. पुलिस ने इस मामले में आरोपी इमरान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
बताया जा रहा है कि आरोपी इमरान अब तक करीब 23 युवतियों को अपना शिकार बना चुका है. वो पहले उन्हें अपने ऑटो में मुफ्त कॉलेज छोड़ने की पेशकश करता, फिर भरोसे में लेकर अश्लील वीडियो बनाता और वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी इमरान मथुरा के शहर कोतवाली क्षेत्र के मछली मोहल्ला का निवासी है. वो मथुरा में ऑटो चलाता है और इसी बहाने युवतियों के संपर्क में आता था. हिन्दू संगठनों को युवतियों को टारगेट किए जाने की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने इमरान की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू किया.
हिन्दू संगठनों ने इस पूरे मामले की शिकायत शहर कोतवाली पुलिस से की, जिसके बाद पुलिस ने इमरान के खिलाफ तहरीर लेकर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से कई अश्लील वीडियो मिले, जिनमें लगभग एक दर्जन युवतियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई है.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इमरान युवतियों को पहले बहला-फुसलाकर वीडियो बनाता और फिर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक और मानसिक शोषण करता था. उसका शिकार बनीं अधिकतर लड़कियां हिन्दू समुदाय की हैं और कई अभी तक सामने नहीं आई हैं.
एसएसपी शैलेश कुमार ने बताया कि थाना कोतवाली में इमरान नाम के व्यक्ति से संबंधित कुछ पोस्ट सोशल मीडिया के जरिए संज्ञान में आईं, जिनमें महिलाओं की अश्लील तस्वीरें और अभद्र टिप्पणियां थीं. पुलिस ने तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस अब उन सभी युवतियों और महिलाओं की पहचान में जुटी है, जिनके वीडियो या फोटो आरोपी इमरान के मोबाइल में मिले हैं. उनसे संपर्क कर विधिवत तहरीर ली जाएगी ताकि मजबूत केस बनाया जा सके. इमरान को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. First Updated : Tuesday, 10 June 2025