दिल्ली में विदेशी पर्यटक को ऑटो ड्राइवर का शर्मनाक ऑफर, वीडियो वायरल होने पर मचा बवाल

दिल्ली में ऑटो-रिक्शा ड्राइवर का एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि ड्राइवर ने एक विदेशी पर्यटक को सफर के दौरान कथित तौर पर पैसों के बदले यौन सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

दिल्ली में एक ऑटो-रिक्शा ड्राइवर से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों के बीच नाराजगी और चिंता पैदा कर दी है. इस वीडियो में आरोप लगाया गया है कि ड्राइवर ने एक विदेशी पर्यटक को सफर के दौरान कथित तौर पर पैसों के बदले यौन सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया. जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर सामने आया, लोगों ने इसकी कड़ी आलोचना करते हुए संबंधित ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग शुरू कर दी.

विदेशी ट्रैवलर ने पोस्ट किया वीडियो 

यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @daviddxiao नाम के एक विदेशी ट्रैवलर द्वारा पोस्ट किया गया था. वीडियो में दिख रहा है कि ऑटो चालक यात्री से बातचीत के दौरान कहता है कि उसके पास कमरे उपलब्ध हैं और वह 18 से 20 वर्ष की लड़कियों का इंतजाम करा सकता है. इस बातचीत को सुनकर यात्री स्पष्ट रूप से असहज नजर आता है.

विदेशी पर्यटक के अनुसार, उसने ड्राइवर के प्रस्ताव को साफ तौर पर ठुकरा दिया था, लेकिन इसके बावजूद ड्राइवर लगातार उसी विषय पर बात करता रहा. पर्यटक ने बाद में बताया कि पूरी यात्रा के दौरान वह खुद को असुरक्षित, दबाव में और बेहद असहज महसूस कर रहा था. इस अनुभव ने उसे मानसिक रूप से परेशान कर दिया.

सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रिया 

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी. कई यूजर्स ने इस मामले को गंभीर बताते हुए दिल्ली पुलिस को टैग किया और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की. कुछ लोगों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं देश की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नुकसान पहुंचाती हैं और भारत की ‘अतिथि देवो भव’ की परंपरा के विपरीत हैं.

कई यूजर्स ने पर्यटक से माफी भी जताई और कहा कि यह घटना बेहद शर्मनाक है और इससे भारतीय समाज की छवि धूमिल होती है. वहीं, कुछ लोगों ने आशंका जताई कि इस तरह के मामलों के पीछे संगठित रैकेट भी हो सकते हैं. इसलिए प्रशासन को गंभीरता से जांच करनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर सख्त कदम उठाने चाहिए. हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने विदेशी पर्यटकों और अन्य यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी. उन्होंने सुझाव दिया कि यात्रा के दौरान अधिक सुरक्षित विकल्प जैसे दिल्ली मेट्रो या ऐप-आधारित कैब सेवाओं का उपयोग करना बेहतर हो सकता है, क्योंकि इनमें यात्रा की जानकारी और ड्राइवर का विवरण उपलब्ध रहता है, जिससे सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag