उत्तर भारत में बदलेगा मौसम का मिजाज! दिल्ली-NCR में बारिश और धूल भरी आंधी के आसार, राजस्थान में लू का अलर्ट

दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब में मौसम अचानक करवट लेने वाला है. तेज आंधी, धूल भरी हवाएं और बारिश लोगों को गर्मी से राहत दे सकती हैं, वहीं राजस्थान में भीषण लू का कहर जारी रहेगा. मौसम विभाग ने कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. तेज गर्मी से जूझ रहे लोगों को अब बारिश और तेज हवाओं से राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग के अनुसार 12 मई को दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और धूल भरी आंधी चल सकती है.

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि कई इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं दूसरी ओर पश्चिम राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बना हुआ है, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

दिल्ली-NCR में बारिश और तेज हवाओं की संभावना

दिल्ली-NCR में सोमवार को मौसम अचानक करवट ले सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक दिनभर उमस और गर्मी के बाद शाम के समय हल्की बारिश, गरज-चमक और धूल भरी हवाएं चल सकती हैं. तेज हवाओं के चलते लोगों को तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने की संभावना जताई गई है.

हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में भी बदलेगा मौसम

हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी मौसम का यही रुख देखने को मिल सकता है. दोपहर और शाम के समय आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं में बढ़ोतरी हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.

पहाड़ी राज्यों में बारिश के आसार

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं जम्मू-कश्मीर में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर

स्काईमेट के अनुसार पूर्वोत्तर भारत और तमिलनाडु के कई इलाकों में आज बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां तेज रह सकती हैं. कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है. इसके अलावा केरल, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं.

पश्चिम राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर

राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. मौसम विभाग ने यहां लू और कहीं-कहीं भीषण लू चलने का अलर्ट जारी किया है. कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है, जिससे लोगों को दिन के समय बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

पश्चिमी विक्षोभ से सक्रिय हुई मौसमी हलचल

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ी क्षेत्रों से गुजर रहा है. इसके प्रभाव से पंजाब और उत्तर राजस्थान के ऊपर एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है.

इसी परिसंचरण से एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा हरियाणा, दिल्ली और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश से होते हुए गंगा के मैदानी क्षेत्रों तक फैली हुई है. इसके साथ पंजाब सीमा से बिहार और उत्तर बंगाल तक कई छोटे चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय हैं. स्थानीय गर्मी और इन मौसमी सिस्टमों के संयुक्त प्रभाव के कारण उत्तर भारत में आंधी, धूल भरी हवाएं और बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो