Tejashwi Yadav: बिहार के दरभंगा में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के लिए मंच से अपशब्दों का इस्तेमाल किए जाने को लेकर सियासत गर्म है. पीएम मोदी ने इसे सिर्फ अपनी मां का नहीं बल्कि देश की हर मां का अपमान बताया. इस घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की महिला नेताओं ने भी कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) पर सख्त हमला बोलना शुरू कर दिया.
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने इस मामले के विरोध में 4 सितंबर को बिहार बंद का आह्वान किया है. वहीं, विपक्षी नेता तेजस्वी यादव ने भी इस मामले पर बयान देते हुए साफ कहा कि किसी की मां को गाली देना स्वीकार्य नहीं है और यह हमारी संस्कृति के खिलाफ है.
तेजस्वी यादव ने कहा कि किसी की मां को गाली नहीं दी जानी चाहिए. ये हमारी संस्कृति नहीं है. हम इसके पक्ष में नहीं हैं. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने सोनिया गांधी को लेकर जो टिप्पणियां कीं, नीतीश कुमार के डीएनए पर सवाल उठाए और बीजेपी के कुछ विधायक मेरी मां और बहनों को लेकर अपशब्द बोल चुके हैं.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- मां तो मां होती है. मां शब्द जुबान पर आते ही सुकून देता है. जो बेजुबान हैं, मां तो उनकी भी होती है. किसी को भी, किसी की भी मां-बहन-बेटी के लिए अपशब्द नहीं बोलना चाहिए. इस दुनिया में हर इंसान, जीव-जंतु और पशु-पक्षी भी मां की पैदाइश हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिहार में एक कार्यक्रम में कहा कि अब जिस मां का शरीर भी नहीं है, उन्हें आरजेडी और कांग्रेस के मंच से भद्दी गालियां दी गईं. मां ही तो हमारा संसार, हमारा स्वाभिमान होती है. समृद्ध परंपरा वाले बिहार में जो हुआ, कल्पना भी नहीं की थी. मेरी मां का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है, फिर भी उन्हें गालियां दी गईं.
बीजेपी और एनडीए नेताओं ने कांग्रेस और आरजेडी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. बिहार बंद के ऐलान के साथ ही राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है. विपक्ष और समर्थक दोनों ही इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं, जिससे राज्य की राजनीतिक हवा में तनाव बढ़ा हुआ है.
First Updated : Wednesday, 03 September 2025