छत्तीसगढ़ में 5 दिनों तक नाली में फंसा रहा युवक, स्लैब तोड़कर निकाला गया बाहर

छत्तीसगढ़ में पांच दिनों तक नाली में फंसे रहे एमपी के युवक को स्लैब तोड़कर बाहर निकाला गया. यह घटना शुक्रवार, 6 फरवरी की सुबह की बताई जा रही है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसका वीडियो इन दिनों इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक को नाली के भीतर से बाहर निकाला जा रहा है. युवक को सुरक्षित निकालने के लिए एक्सकैवेटर मशीन की मदद ली गई और नाली पर लगा कंक्रीट का स्लैब तोड़ा गया.

 6 फरवरी की सुबह की घटना 

यह घटना शुक्रवार, 6 फरवरी की सुबह की बताई जा रही है. मामला शहर के पुराने बस स्टैंड के पास भारत होजियरी के पीछे का है. स्थानीय लोगों के अनुसार, यह नाली ऊपर से पूरी तरह स्लैब से ढकी हुई थी. जब वहां से गुजर रहे लोगों को नाली के भीतर हलचल का आभास हुआ तो वे चिंतित हो गए. कुछ ही देर में यह जानकारी आसपास फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.

स्थिति को गंभीर देखते हुए एक स्थानीय नागरिक ने तत्काल एक्सकैवेटर मंगवाया, ताकि नाली का स्लैब हटाकर भीतर फंसे युवक को बाहर निकाला जा सके. मशीन से स्लैब तोड़े जाने के बाद युवक को बाहर लाया गया. बाहर आते ही युवक की हालत ठीक नहीं दिखी. वह ठंड से कांप रहा था और उसकी बातें भी साफ-साफ समझ में नहीं आ रही थीं.

अनूपपुर का रहने वाला है शख्स 

जानकारी के अनुसार, नाली से निकाला गया युवक मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले का रहने वाला है. हालांकि, वह वहां नाली के भीतर कैसे पहुंचा, इस बारे में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. लोगों के बीच इस बात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी सक्रिय हुई. कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक नाली में कैसे फंसा. फिलहाल युवक की स्थिति और उसकी पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है.

नगर निगम ने क्या कहा?

वहीं, नगर निगम ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा है कि नाली का स्लैब तोड़ने का काम उनके द्वारा नहीं किया गया है. निगम का कहना है कि उन्हें इस कार्रवाई की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है.

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहर में चर्चा का विषय बन गया है. लोग सार्वजनिक स्थानों पर ढंकी नालियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों. इसके लिए सतर्कता बरतने की मांग कर रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag