नई दिल्ली: महंगे स्मार्टफोन और प्रीमियम गैजेट खरीदना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. इसी को ध्यान में रखते हुए Apple एक नया प्लान लाने की तैयारी में है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी जल्द ही Apple Upgrade Program शुरू कर सकती है. इस योजना के तहत ग्राहक iPhone, MacBook, iPad और Apple Watch जैसे प्रोडक्ट खरीदने के बजाय किराए या सब्सक्रिप्शन मॉडल पर इस्तेमाल कर सकेंगे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple अपने प्रीमियम डिवाइस अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए नया सब्सक्रिप्शन मॉडल लॉन्च करेगा. इसमें ग्राहक एकमुश्त बड़ी रकम खर्च करने या लंबी EMI भरने के बजाय हर महीने तय शुल्क देकर डिवाइस का इस्तेमाल कर सकेंगे.
इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यूजर्स समय-समय पर नए मॉडल में अपग्रेड भी कर सकेंगे, जिससे उन्हें हर बार नया डिवाइस खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
Apple Upgrade Program का तरीका लीज मॉडल की तरह होगा. ग्राहक तय अवधि के लिए डिवाइस अपने पास रख सकेंगे. अवधि पूरी होने के बाद डिवाइस वापस करना होगा या फिर अतिरिक्त शुल्क देकर नए मॉडल में अपग्रेड किया जा सकेगा.
iPhone और Apple Watch के लिए लगभग 24 महीने की लीज अवधि हो सकती है.
MacBook के लिए करीब 36 महीने तक डिवाइस इस्तेमाल करने का विकल्प मिल सकता है.
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि Apple इस नए प्रोग्राम की शुरुआत 28 जुलाई से कर सकता है. शुरुआत में इसे अमेरिका में लॉन्च किए जाने की संभावना है. ग्राहक इसे Apple Store और ऑनलाइन स्टोर, दोनों के माध्यम से ले सकेंगे. इस योजना के लिए फाइनेंसिंग पार्टनर के रूप में Klarna Group का नाम सामने आया है.
इस प्रोग्राम का लाभ लेने के लिए ग्राहकों को कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. साथ ही वित्तीय जांच और क्रेडिट स्कोर का मूल्यांकन भी किया जा सकता है. इसके बाद ही ग्राहक इस योजना के लिए पात्र होंगे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस योजना में AppleCare शामिल नहीं होगा. इसके अलावा, कंपनी अपने कुछ एंट्री-लेवल iPhone और iPad मॉडल को इस प्रोग्राम से बाहर रख सकती है. हालांकि, लॉन्च के समय अंतिम सूची सामने आएगी.
अगर यह योजना शुरू होती है तो महंगे Apple डिवाइस खरीदने का दबाव काफी हद तक कम हो सकता है. ग्राहक कम मासिक खर्च में प्रीमियम डिवाइस का इस्तेमाल कर सकेंगे और समय आने पर आसानी से नए मॉडल में अपग्रेड भी कर पाएंगे. खासकर उन लोगों के लिए यह योजना फायदेमंद साबित हो सकती है, जो हमेशा लेटेस्ट Apple डिवाइस इस्तेमाल करना चाहते हैं, लेकिन एकमुश्त बड़ी रकम खर्च नहीं करना चाहते. First Updated : Thursday, 23 July 2026