Apple का किफायती MacBook Neo लॉन्च, छात्रों को मिलेगा बड़ा डिस्काउंट
Apple ने अपने ग्राहकों के लिए नया किफायती लैपटॉप MacBook Neo पेश किया है. यह कंपनी का बजट सेगमेंट में उतारा गया नया मैकबुक है.

Apple ने अपने ग्राहकों के लिए एक नया किफायती लैपटॉप MacBook Neo पेश किया है. यह कंपनी का बजट सेगमेंट में उतारा गया नया मैकबुक है, जिसमें आधुनिक फीचर्स के साथ हल्का और स्टाइलिश डिजाइन दिया गया है. इस लैपटॉप में 13 इंच का लिक्विड रेटिना डिस्प्ले मिलता है और यह कंपनी के नए A18 Pro chip पर आधारित है.
मैकबुक में मल्टीटच ट्रैकपैड के साथ मैजिक कीबोर्ड
यही चिपसेट कंपनी के फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स iPhone 16 Pro और iPhone 16 Pro Max में भी इस्तेमाल किया गया है. नए मैकबुक में मल्टीटच ट्रैकपैड के साथ मैजिक कीबोर्ड दिया गया है और सुरक्षा के लिए इसमें टच आईडी की सुविधा भी मौजूद है. कंपनी का दावा है कि यह लैपटॉप एक बार चार्ज होने पर लगभग 16 घंटे तक वीडियो स्ट्रीमिंग की बैटरी लाइफ दे सकता है, जो इसे लंबे समय तक इस्तेमाल के लिए उपयुक्त बनाता है.
भारत में इसकी शुरुआती कीमत 69,900 रुपये रखी गई है. यह कीमत 8GB रैम और 256GB स्टोरेज वाले बेस मॉडल के लिए है. वहीं 512GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत 79,900 रुपये तय की गई है. कंपनी ने इसे चार रंगों ब्लश, सिट्रस, इंडिगो और सिल्वर में बाजार में उतारा है. छात्रों के लिए कंपनी ने विशेष ऑफर भी रखा है, जिसके तहत वे इसे 10,000 रुपये तक के एजुकेशन डिस्काउंट के साथ खरीद सकते हैं. इस लैपटॉप की प्री-बुकिंग शुरू हो चुकी है और 11 मार्च से इसकी बिक्री कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत रिटेल स्टोर्स पर शुरू होगी.
कंपनी का दावा
परफॉर्मेंस के मामले में कंपनी का दावा है कि यह लैपटॉप कई सामान्य कार्यों में इंटेल कोर अल्ट्रा 5 चिप पर चलने वाले विंडोज पीसी से लगभग 50 प्रतिशत तेज काम कर सकता है. वहीं कुछ एआई आधारित कार्यों में इसकी गति तीन गुना तक बेहतर बताई जा रही है. इसमें 8GB रैम के साथ 256GB और 512GB SSD स्टोरेज विकल्प उपलब्ध हैं. हालांकि रैम को अपग्रेड नहीं किया जा सकता.
डिस्प्ले की बात करें तो इसमें 13 इंच का लिक्विड रेटिना IPS पैनल दिया गया है, जिसकी पिक्सल डेंसिटी 219ppi है. यह लैपटॉप कंपनी के नए macOS Tahoe ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलता है. वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 1080p फेसटाइम एचडी कैमरा दिया गया है, जिसमें वॉयस आइसोलेशन और वाइड स्पेक्ट्रम माइक्रोफोन मोड जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं. ऑडियो के लिए डॉल्बी एटमॉस सपोर्ट के साथ डुअल स्पीकर सेटअप और स्पेशल ऑडियो फीचर भी मिलता है.
Wi-Fi 6E और ब्लूटूथ 6 का सपोर्ट
कनेक्टिविटी के लिए इसमें Wi-Fi 6E और ब्लूटूथ 6 का सपोर्ट दिया गया है. साथ ही इसमें दो यूएसबी टाइप-C पोर्ट और एक हेडफोन जैक भी मौजूद है. इस लैपटॉप में 36.5Wh की बैटरी दी गई है, जिसे 20W यूएसबी टाइप-C एडॉप्टर से चार्ज किया जा सकता है. कंपनी के अनुसार, यह डिवाइस एक बार चार्ज होने पर करीब 11 घंटे तक वेब ब्राउज़िंग और 16 घंटे तक वीडियो प्लेबैक का बैकअप दे सकता है. इसका वजन लगभग 1.23 किलोग्राम है, जिससे इसे आसानी से कहीं भी ले जाया जा सकता है.


