अब Google Maps से सीधे पूछिए सवाल, नया AI फीचर ‘Ask Maps’ तुरंत देगा जवाब

गूगल ने Google Maps में नया AI फीचर ‘Ask Maps’ लॉन्च किया है. Gemini AI से बना यह टूल उपयोगकर्ताओं को सामान्य भाषा में सवाल पूछने और ट्रैफिक, रास्तों, रेस्टोरेंट व अन्य जगहों के बारे में स्मार्ट सुझाव पाने की सुविधा देता है.

Shraddha Mishra

अगर आप किसी नई जगह जाने की योजना बना रहे हैं और यह समझ नहीं पा रहे कि कौन सा रास्ता बेहतर है या रास्ते में खाने-पीने के लिए अच्छी जगह कहाँ मिलेगी, तो अब इसका जवाब ढूंढना पहले से कहीं ज्यादा आसान होने वाला है. टेक कंपनी Google ने अपने लोकप्रिय नेविगेशन ऐप Google Maps में एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फीचर जोड़ा है.

इस फीचर का नाम “Ask Maps” है, जो उपयोगकर्ताओं को ऐप के अंदर ही बातचीत के अंदाज में सवाल पूछने और तुरंत जवाब पाने की सुविधा देगा. यह नया टूल कंपनी के एडवांस एआई मॉडल Gemini AI की मदद से तैयार किया गया है.  इसका उद्देश्य लोगों को जगहों से जुड़ी जानकारी तेजी और आसान तरीके से उपलब्ध कराना है. 

पहले कैसे काम करता था Google Maps

अब तक गूगल मैप्स में किसी जगह को खोजने का तरीका काफी साधारण था.  उपयोगकर्ता किसी स्थान का नाम या कोई कीवर्ड टाइप करते थे, फिर सामने आए विकल्पों को देखते थे और उनमें से अपनी जरूरत के अनुसार जगह चुनते थे. हालांकि कई बार लोगों के सवाल थोड़े जटिल होते हैं, जैसे कि रास्ते में क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी या कौन सा रास्ता ज्यादा तेज़ रहेगा.  ऐसे सवालों का जवाब पहले सीधे तौर पर मिलना मुश्किल होता था. 

‘Ask Maps’ से बदल जाएगा तरीका

नए “Ask Maps” फीचर के आने के बाद उपयोगकर्ता बिल्कुल सामान्य भाषा में सवाल पूछ सकेंगे, जैसे वे किसी दोस्त से पूछते हैं. यह फीचर एक ही सवाल में कई जरूरतों को समझकर जवाब देने की क्षमता रखता है. मान लीजिए कोई व्यक्ति Connaught Place जाने की योजना बना रहा है.

वह पूछ सकता है कि वहां पहुंचने के लिए कार से जाना बेहतर रहेगा या मेट्रो से. इसके साथ ही वह यह भी पूछ सकता है कि रास्ते में कॉफी पीने के लिए कोई अच्छी जगह कहाँ मिल सकती है. ऐसे में ऐप ट्रैफिक की स्थिति, यात्रा का अनुमानित समय और आसपास मौजूद कैफे जैसी जगहों की जानकारी देकर उपयोगकर्ता को सुझाव देगा. 

करोड़ों जगहों के डेटा से मिलेंगे जवाब

गूगल के अनुसार, इस फीचर के जवाब उसी डेटा के आधार पर तैयार किए जाते हैं जो पहले से गूगल मैप्स में मौजूद है. इस प्लेटफॉर्म में दुनिया भर की 30 करोड़ से अधिक जगहों की जानकारी उपलब्ध है. इसके अलावा लगभग 50 करोड़ से ज्यादा लोग लगातार रिव्यू, तस्वीरें और अपडेट साझा करते रहते हैं. इन्हीं जानकारियों की मदद से एआई बेहतर और सटीक सुझाव दे पाता है. 

अब जटिल सवालों के भी मिलेंगे जवाब

Gemini AI के इस्तेमाल से गूगल मैप्स अब ऐसे सवालों को भी समझ सकता है जो पहले मुश्किल लगते थे. उदाहरण के तौर पर, उपयोगकर्ता पूछ सकते हैं कि पास में सार्वजनिक शौचालय कहाँ है, मोबाइल फोन जल्दी चार्ज करने की जगह कहां मिलेगी या उनकी पसंद के अनुसार कोई अच्छा रेस्टोरेंट कहां है. एआई सिस्टम इन सवालों का जवाब देने के लिए रिव्यू, तस्वीरों और अन्य उपलब्ध जानकारी का विश्लेषण करता है और फिर उपयोगकर्ता को उपयुक्त सुझाव देता है. 

कंपनी के अनुसार, अगर कुछ दोस्त अलग-अलग इलाकों से आ रहे हैं तो वे बीच के इलाके में कोई ऐसा शाकाहारी रेस्टोरेंट भी खोज सकते हैं जहां बैठने की जगह आरामदायक हो और शाम के समय समूह के लिए पर्याप्त जगह मिल सके. ऐसे मामलों में ऐप लोगों की राय, रेटिंग और अन्य विवरणों को देखकर बेहतर विकल्प सुझाने की कोशिश करेगा.  इसके साथ ही यह भी बताया जा सकता है कि किस जगह पर पार्किंग की सुविधा सबसे आसान है. 

भारत में भी शुरू हुआ नया फीचर

Google ने “Ask Maps” फीचर को फिलहाल United States और India में लॉन्च कर दिया है. यह सुविधा एंड्रॉयड और आईओएस दोनों तरह के स्मार्टफोन पर उपलब्ध है. फिलहाल यह फीचर अंग्रेजी भाषा में शुरू किया गया है. कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में इसमें अन्य भाषाओं का समर्थन भी जोड़ा जाएगा, जिसमें हिंदी भी शामिल हो सकती है.

भविष्य में इसे कंप्यूटर यानी डेस्कटॉप वर्जन में भी उपलब्ध कराने की योजना है. इस नए फीचर के साथ गूगल मैप्स सिर्फ रास्ता बताने वाला ऐप नहीं रहेगा, बल्कि यह एक स्मार्ट डिजिटल गाइड की तरह काम करेगा जो यात्रा से जुड़ी कई जरूरतों का जवाब एक ही जगह पर दे सकेगा. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो