Claude Fable 5 लॉन्च, अब जनता इस्तेमाल कर सकेगी साइबर खतरे वाले AI मॉडल का सेफ वर्जन
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी एंथ्रोपिक ने अपने नए AI मॉडल Claude Fable 5 को आम यूजर्स के लिए लॉन्च कर दिया है.

नई दिल्ली: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी एंथ्रोपिक ने अपने नए AI मॉडल Claude Fable 5 को आम यूजर्स के लिए लॉन्च कर दिया है. यह मॉडल उसी तकनीकी आधार पर विकसित किया गया है, जिस पर कंपनी का अत्याधुनिक AI सिस्टम Claude Mythos 5 तैयार किया गया है. हालांकि Mythos 5 को अभी केवल चुनिंदा सरकारों और संस्थानों के लिए परीक्षण स्तर पर उपलब्ध कराया गया है, क्योंकि इसकी क्षमताएं साइबर सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील मानी जा रही हैं.
स्पेशल सिक्योरिटी के लिए किया गया डिजाइन
कंपनी का कहना है कि Claude Fable 5 को स्पेशल सिक्योरिटी उपायों के साथ डिजाइन किया गया है ताकि इसका दुरुपयोग न किया जा सके. अगर कोई उपयोगकर्ता इससे साइबर हमलों, डेटा चोरी या अन्य संवेदनशील विषयों से जुड़े सवाल पूछता है, तो सिस्टम उस अनुरोध को कम क्षमताओं वाले मॉडल Claude Opus 4.8 की ओर भेज देता है. इसका उद्देश्य संभावित साइबर खतरों को रोकना और तकनीक को सुरक्षित बनाए रखना है.
सबसे एडवांस AI टेक्नोलॉजी
एंथ्रोपिक के अनुसार, Fable 5 उनकी अब तक की सबसे एडवांस AI तकनीकों में से एक है. सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, साइंटिफिक रिसर्च और जटिल विश्लेषण जैसे क्षेत्रों में इसकी क्षमता काफी प्रभावशाली बताई जा रही है. कंपनी का दावा है कि यह मॉडल बड़े पैमाने पर डेटा को समझने और उस पर काम करने में बेहद सक्षम है.
डिजिटल पेमेंट कंपनी Stripe ने बताया अपना एक्सपीरियंस
बता दें, परीक्षण के दौरान डिजिटल पेमेंट कंपनी Stripe ने भी इस मॉडल का उपयोग किया है. कंपनी के मुताबिक, जिस कोडिंग प्रोजेक्ट को पूरा करने में डेवलपर्स की टीम को कई सप्ताह या महीने लग सकते थे, उसे Fable 5 ने कुछ ही दिनों में पूरा करने में मदद की है. बताया गया कि इसने करोड़ों लाइनों वाले कोडबेस को बेहद कम समय में माइग्रेट कर दिया।
क्या है इसकी खासियत
Claude Fable 5 की एक खासियत इसकी विजुअल समझने की क्षमता भी है. दावा किया गया है कि यह केवल किसी वेबसाइट का स्क्रीनशॉट देखकर उसके स्ट्रक्चर को समझ सकता है और उससे संबंधित कोड तैयार कर सकता है. इसके अलावा इसकी मेमोरी और लंबे समय तक किसी कार्य पर फोकस बनाए रखने की क्षमता भी इसे अन्य AI मॉडलों से अलग बनाती है.


