नई दिल्ली: Elon Musk की कंपनी X (पहले Twitter) ने मैसेजिंग की दुनिया में बड़ा कदम उठाते हुए नया स्टैंडअलोन ऐप XChat लॉन्च कर दिया है. फिलहाल यह ऐप iOS यूजर्स के लिए उपलब्ध है और इसके जरिए यूजर्स अपने X कॉन्टैक्ट्स के साथ आसानी से चैट, कॉलिंग और फाइल शेयरिंग कर सकते हैं.
इस लॉन्च को मस्क की ऑल-इन-वन ऐप बनाने की रणनीति में बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है. अब कंपनी अलग-अलग ऐप्स के जरिए अपने इकोसिस्टम को विस्तार देने की दिशा में काम करती नजर आ रही है.
XChat में यूजर्स को कई एडवांस फीचर्स दिए गए हैं. इसमें ऑडियो और वीडियो कॉलिंग, टेक्स्ट मैसेजिंग, ग्रुप चैट और फाइल शेयरिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं.
प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए ऐप में डिसअपियरिंग मैसेज, सभी के लिए मैसेज एडिट और डिलीट करने का ऑप्शन, और स्क्रीनशॉट ब्लॉक करने जैसे फीचर्स भी जोड़े गए हैं.
कंपनी का दावा है कि XChat में यूजर्स की प्राइवेसी का खास ध्यान रखा गया है. इसमें न तो किसी तरह की ट्रैकिंग है और न ही विज्ञापन दिखाए जाते हैं.
साथ ही, यह ऐप एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन और पिन सिक्योरिटी के साथ आता है, जिससे यूजर्स का डेटा सुरक्षित रहता है. इन फीचर्स के साथ XChat सीधे तौर पर WhatsApp और Facebook Messenger को चुनौती देने की तैयारी में है.
फिलहाल XChat को केवल iOS प्लेटफॉर्म पर लॉन्च किया गया है. हालांकि, आने वाले समय में इसे अन्य प्लेटफॉर्म्स पर भी उपलब्ध कराया जा सकता है.
Benji Taylor ने संकेत दिए हैं कि ऐप में जल्द ही और नए अपडेट और फीचर्स जोड़े जाएंगे.
पहले Elon Musk X को एक ‘एवरीथिंग ऐप’ के रूप में विकसित करना चाहते थे, जिसमें पेमेंट, शॉपिंग और मैसेजिंग जैसी सभी सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलें.
लेकिन अब कंपनी का रुख थोड़ा बदला हुआ नजर आ रहा है और वह अलग-अलग ऐप्स के जरिए अपनी सेवाओं का विस्तार कर रही है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी एक अलग पेमेंट सिस्टम पर भी काम कर रही है, जिसे अभी आम यूजर्स के लिए लॉन्च नहीं किया गया है.
आने वाले समय में XChat में और भी नए फीचर्स जोड़े जा सकते हैं, जिससे कंपनी अपने ऐप इकोसिस्टम को और मजबूत बनाने की योजना बना रही है. XChat के आने से मैसेजिंग ऐप्स के बीच प्रतिस्पर्धा और तेज होने की संभावना है. First Updated : Sunday, 26 April 2026