नई दिल्ली: दुनियाभर में अरबों लोग रोजाना गूगल मैप्स का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन ज्यादातर यूजर्स इसे सिर्फ रास्ता खोजने तक ही सीमित रखते हैं. अगर आप भी उन्हीं लोगों में शामिल हैं, तो यह जानना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है कि गूगल मैप्स केवल नेविगेशन ऐप नहीं है, बल्कि इसमें कई ऐसे स्मार्ट फीचर्स मौजूद हैं जो आपकी रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बना सकते हैं.
रास्ता दिखाने के अलावा गूगल मैप्स की मदद से आप चार्जिंग स्टेशन खोज सकते हैं, पेट्रोल पंप की जानकारी ले सकते हैं और घर बैठे यह भी जान सकते हैं कि सड़क पर ट्रैफिक की स्थिति कैसी है. सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो यह ऐप समय, ईंधन और मेहनत तीनों की बचत कर सकता है. आइए जानते हैं गूगल मैप्स के ऐसे ही कुछ हिडन और काम के फीचर्स के बारे में.
गूगल मैप्स पर आप केवल रास्ता ही नहीं, बल्कि चार्जिंग स्टेशन और पेट्रोल पंप की सटीक लोकेशन भी देख सकते हैं. सफर के दौरान यह ऐप आपको रास्ते में पड़ने वाले फ्यूल स्टेशन की जानकारी देता रहता है. इसके अलावा, घर से निकलने से पहले डेस्टिनेशन सेलेक्ट कर सर्च आइकन पर टैप करके आप पूरे रूट में मौजूद चार्जिंग स्टेशन और पेट्रोल पंप की लिस्ट देख सकते हैं.
गूगल मैप्स की मदद से आप बिना गाड़ी से उतरे ही यह जान सकते हैं कि किसी स्टोर में कौन-कौन सा सामान उपलब्ध है. इसके लिए मैप्स पर स्टोर के आइकन पर टैप करना होता है. टैप करते ही स्क्रीन पर स्टोर से जुड़ी तस्वीरें, वीडियो और प्रोडक्ट्स की लिस्ट दिखाई देने लगती है. साथ ही आप वहीं से यूजर्स के रिव्यू भी पढ़ सकते हैं.
अपने आसपास मौजूद लोकल बिजनेस की पूरी जानकारी पाने के लिए भी गूगल मैप्स बेहद उपयोगी है. चाहे रेस्टोरेंट हो, कैफे हो या कोई दुकान मैप्स पर उसके आइकन पर टैप करते ही उससे जुड़ी फोटोज, खुलने और बंद होने का समय, मेनू और अन्य जरूरी जानकारी आपके फोन की स्क्रीन पर आ जाती है.
दिल्ली या बेंगलुरू जैसे बड़े शहरों में रहने वालों के लिए गूगल मैप्स का ट्रैफिक फीचर किसी वरदान से कम नहीं है. आप इसमें लाइव ट्रैफिक अपडेट देख सकते हैं. इसके लिए डेस्टिनेशन डालकर रूट सेलेक्ट करें. अगर रास्ते में जाम है, तो गूगल मैप्स लाल रंग से ट्रैफिक की स्थिति दिखा देता है, जिससे आप पहले से अपने सफर की प्लानिंग कर सकते हैं.
First Updated : Monday, 05 January 2026