WhatsApp New Update: वॉट्सऐप यूजर्स के लिए एक बड़ी और काम की खबर सामने आई है. अब प्रोफाइल पिक्चर (DP) बदलने का तरीका बदलने जा रहा है. वॉट्सऐप जल्द ही ऐसा फीचर लॉन्च करने की तैयारी में है जिससे यूजर्स अपनी इंस्टाग्राम या फेसबुक प्रोफाइल फोटो को सीधे वॉट्सऐप पर इम्पोर्ट कर सकेंगे.
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, यह नया फीचर WhatsApp Beta for Android वर्जन 2.25.21.23 में देखा गया है. कुछ बीटा यूज़र्स को इसका अपडेट मिलना शुरू हो गया है. माना जा रहा है कि आने वाले हफ्तों में यह सुविधा और ज्यादा यूजर्स के लिए रोल आउट कर दी जाएगी.
फिलहाल, वॉट्सऐप पर प्रोफाइल फोटो लगाने के लिए यूज़र्स को अपनी गैलरी से फोटो चुननी होती थी, या फिर कैमरे से फोटो क्लिक करनी पड़ती थी. कुछ लोग अवतार या AI जनरेटेड इमेज का भी इस्तेमाल करते हैं. लेकिन फेसबुक या इंस्टाग्राम से फोटो लाने के लिए उसे पहले डाउनलोड करना पड़ता था, जो एक थकाऊ प्रक्रिया थी.
वॉट्सऐप के इस नए फीचर के ज़रिए जब यूज़र प्रोफाइल पिक्चर बदलने के लिए Edit ऑप्शन पर जाएंगे, तो वहां उन्हें Instagram और Facebook से इम्पोर्ट करने का विकल्प मिलेगा. एक क्लिक में ही वही फोटो सीधे वॉट्सऐप पर लगाई जा सकेगी.
इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए यूज़र्स को अपने WhatsApp अकाउंट को Meta के Accounts Center से लिंक करना होगा. Meta पहले ही इस साल की शुरुआत में वॉट्सऐप को अकाउंट्स सेंटर से लिंक करने की सुविधा दे चुका है.
Meta अपने प्लेटफॉर्म्स Facebook, Instagram और WhatsApp को आपस में जोड़ने पर लगातार काम कर रहा है. यूज़र्स अब इंस्टाग्राम स्टोरी को सीधे वॉट्सऐप स्टेटस पर शेयर कर सकते हैं. वहीं बिज़नेस अकाउंट्स के लिए इंस्टाग्राम प्रोफाइल में वॉट्सऐप बटन जोड़ने का ऑप्शन भी आ चुका है.
यह नया फीचर उन यूज़र्स के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा जो तीनों मेटा प्लेटफॉर्म्स पर एक जैसी प्रोफाइल पिक्चर रखना पसंद करते हैं. इससे न सिर्फ समय की बचत होगी बल्कि फोटो की क्वालिटी भी बेहतर बनी रहेगी. First Updated : Monday, 28 July 2025