एक बार फिर से X डाउन, अकाउंट्स एक्सेस में यूजर्स को दिक्कतें

सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स में बड़े पैमाने पर तकनीकी गड़बड़ी देखने को मिली. इससे सैकड़ों यूजर्स ऐप खोलने और अपनी फीड देखने में परेशानी का सामना करते रहे.

calender

X (पूर्व में ट्विटर) की सेवाएं सोमवार को अचानक वैश्विक स्तर पर प्रभावित हो गईं, जिससे लाखों यूजर्स को प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. इस तकनीकी खराबी के चलते कई लोग अपनी फीड एक्सेस नहीं कर सके, जबकि कुछ यूजर्स को एप और वेबसाइट खोलने पर केवल खाली स्क्रीन दिखाई दी. कई शिकायतों में यह भी सामने आया कि प्लेटफॉर्म कुछ समय के लिए चालू होने के बाद फिर से बंद हो जा रहा था, जिससे उपयोगकर्ताओं को लगातार परेशानी झेलनी पड़ी.

प्रभावित यूजर्स ने क्या कहा?

आउटेज मॉनिटर करने वाली वेबसाइट Downdetector के अनुसार, शाम लगभग 7 बजे से बड़ी संख्या में यूजर्स ने शिकायतें दर्ज करानी शुरू कर दीं. अब तक 45,000 से अधिक लोगों ने बताया है कि वे प्लेटफॉर्म का सामान्य रूप से उपयोग नहीं कर पा रहे हैं. प्रभावित यूजर्स का कहना है कि वे अपनी टाइमलाइन देख पाने में असमर्थ हैं और नई पोस्ट भी शेयर नहीं कर पा रहे, जिससे उनकी गतिविधियां पूरी तरह बाधित हो गईं.

यह तकनीकी समस्या किसी एक देश या क्षेत्र तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसका असर दुनिया के कई हिस्सों में देखने को मिला. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, लगभग 49 प्रतिशत यूजर्स को वेबसाइट चलाने में परेशानी हुई, जबकि 41 प्रतिशत लोगों को मोबाइल एप के जरिए लॉग इन करने या उसका उपयोग करने में कठिनाई आई. इसके अलावा, करीब 10 प्रतिशत यूजर्स ने शिकायत की कि उनकी टाइमलाइन ठीक से लोड नहीं हो रही थी.

इस आउटेज का असर प्लेटफॉर्म के मोबाइल और डेस्कटॉप दोनों वर्जन पर समान रूप से देखा गया. कई यूजर्स ने बताया कि एप खोलने पर उन्हें कोई कंटेंट दिखाई नहीं दे रहा था और बार-बार रिफ्रेश करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ. इसके अलावा, इलॉन मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी xAI द्वारा विकसित चैटबॉट Grok भी इस दौरान काम नहीं कर रहा था, जिससे यूजर्स की परेशानी और बढ़ गई.

ध्यान देने वाली बात यह है कि पिछले एक महीने में यह दूसरी बार है जब प्लेटफॉर्म को इस तरह की तकनीकी बाधा का सामना करना पड़ा है. इससे पहले 16 जनवरी को भी भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा सहित कई देशों में यूजर्स ने एक्सेस से जुड़ी समस्याओं की शिकायत की थी.

नहीं आई कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया

हालांकि, इस ताजा आउटेज के कारणों और इसके समाधान को लेकर कंपनी या एलम मस्क की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. आमतौर पर इस तरह की समस्याओं को ठीक करने के लिए तकनीकी सुधार और सिस्टम अपडेट किए जाते हैं, जिसके बाद सेवाएं धीरे-धीरे बहाल हो जाती हैं. लेकिन लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता और तकनीकी मजबूती पर सवाल खड़े कर दिए हैं. First Updated : Monday, 16 February 2026