'आपके विश्वास के लिए धन्यवाद,' CEO पद छोड़ते हुए टिम कुक का यूजर्स के लिए भावुक पत्र

एप्पल में एक बड़े बदलाव के तहत टिम कुक जल्द ही CEO पद छोड़ेंगे. अपने भावुक पत्र में उन्होंने यूजर्स का धन्यवाद करते हुए कहा "आप अपने जीवन के छोटे-छोटे अंश मेरे साथ साझा करते हैं…"

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी एप्पल में एक बड़े बदलाव की शुरुआत हो रही है. करीब 15 वर्षों तक कंपनी का नेतृत्व करने वाले टिम कुक अब सीईओ पद से हटने जा रहे हैं. उन्होंने 2011 में एप्पल के सह-संस्थापक स्टीव जॉब्स से यह जिम्मेदारी संभाली थी और अपने कार्यकाल में कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया.

कंपनी ने घोषणा की है कि टिम कुक 1 सितंबर 2026 तक सीईओ के रूप में बने रहेंगे, जिसके बाद वे एप्पल के बोर्ड में कार्यकारी अध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे. उनकी जगह कंपनी के हार्डवेयर इंजीनियरिंग प्रमुख जॉन टर्नस नए सीईओ होंगे.

टिम कुक के नेतृत्व में एप्पल का सफर

टिम कुक के कार्यकाल में एप्पल ने उल्लेखनीय प्रगति की. कंपनी ने एप्पल वॉच जैसे नए प्रोडक्ट लॉन्च किए, वहीं एप्पल म्यूजिक और एप्पल टीवी प्लस जैसी सेवाओं की शुरुआत की गई.

एप्पल 2018 में 1 ट्रिलियन डॉलर के बाजार मूल्यांकन तक पहुंचने वाली अमेरिका की पहली कंपनी बनी और 2022 में यह आंकड़ा 4 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया. जब कुक ने पदभार संभाला था, तब कंपनी का बाजार पूंजीकरण करीब 350 बिलियन डॉलर था.

टिम कुक का भावुक संदेश

एप्पल समुदाय को लिखे पत्र में टिम कुक ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनके लिए सीईओ का पद "दुनिया की सबसे अच्छी नौकरी" रहा है.

उन्होंने लिखा, "आप अपने जीवन के छोटे-छोटे अंश मेरे साथ साझा करते हैं और मुझे बताते हैं कि ऐप्पल ने आपको कैसे प्रभावित किया है."

कुक ने यह भी कहा, "मैं शब्दों में बयान नहीं कर सकता कि मुझे उन ईमेल का जवाब देने का मौका मिला, इसके लिए मैं कितना आभारी हूं."

जॉन टर्नस होंगे नए CEO

टिम कुक ने जॉन टर्नस को कंपनी के लिए सही विकल्प बताया. उन्होंने लिखा, "जॉन टर्नस एक प्रतिभाशाली इंजीनियर और विचारक हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों में ऐप्पल के उन उत्पादों का निर्माण किया है जिन्हें हमारे उपयोगकर्ता बहुत पसंद करते हैं."

उन्होंने यह भी कहा कि टर्नस हर छोटी-बड़ी चीज पर ध्यान देते हैं और उत्पादों को बेहतर, अधिक प्रभावशाली और अर्थपूर्ण बनाने की दिशा में काम करते हैं.

यह अलविदा नहीं है: टिम कुक

टिम कुक ने स्पष्ट किया कि यह उनके लिए विदाई नहीं है, बल्कि एक नया चरण है. उन्होंने लिखा, "यह अलविदा नहीं है, बल्कि बदलाव के इस दौर में है."

उन्होंने यूजर्स का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके विश्वास और समर्थन ने उन्हें इस भूमिका में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी.

पत्र में जताई गहरी कृतज्ञता

अपने पत्र के अंत में कुक ने भावुक अंदाज में आभार व्यक्त किया. उन्होंने लिखा, "एक ऐसा व्यक्ति जो एक अलग दौर में ग्रामीण परिवेश में पला-बढ़ा और इन जादुई पलों के लिए दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी का सीईओ बन गया. मुझ पर दिखाए गए विश्वास और दयालुता के लिए धन्यवाद."

उन्होंने यह भी कहा कि हर दिन कंपनी का उद्देश्य लोगों के जीवन को बेहतर बनाना रहा है और यूजर्स ने उनके जीवन को भी उतना ही खास बना दिया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो