गुरुग्राम समेत पूरे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह आई तेज़ आंधी और बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने भले ही गर्मी से राहत दी हो, लेकिन इसके बाद का नज़ारा परेशान करने वाला रहा — सड़कों पर जलभराव, गिरे हुए पेड़ और भीषण ट्रैफिक जाम. इसी बीच, सोशल मीडिया पर गुरुग्राम की हालत पर लोगों ने व्यंग्य करना शुरू कर दिया और कई वीडियो वायरल हो गए.
एक वायरल वीडियो में गुरुग्राम की एक सड़क पूरी तरह पानी में डूबी दिखाई देती है, जहां कारें किसी वाटर राइड की तरह चल रही हैं. एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक यूज़र ने यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “कुछ घंटों की बारिश और गुड़गांव वाटरपार्क बन जाता है. आश्चर्य है कि सरकार इस पर जीएसटी नहीं लगा रही.” इसके बाद सोशल मीडिया पर मीम्स और चुटकुलों की बाढ़ आ गई.
एक यूज़र ने मज़ाक करते हुए कहा, “सरकार अब मुफ्त वॉटर पार्क की सेवा दे रही है, वह भी घर के दरवाज़े पर.” वहीं एक अन्य ने पानी भरी सड़क की तुलना पौराणिक 'सरस्वती नदी' से करते हुए लिखा, “सरस्वती नदी मिल गई!” कई लोगों ने व्यंग्य करते हुए कहा कि गुरुग्राम में 'स्पीड बोट राइड' शुरू कर दी जाए.
स्थानीय लोगों ने कहाकि यह कोई नई समस्या नहीं है. गुरुग्राम के एक निवासी ने लिखा, “मैं पिछले पांच सालों से यहां रह रहा हूं, और हर बार थोड़ी सी भी बारिश होती है तो पूरा शहर डूब जाता है. हालात में कोई सुधार नहीं हुआ.” कई अन्य यूज़र्स ने भी प्रशासन को लापरवाही का ज़िम्मेदार ठहराया.
केवल गुरुग्राम ही नहीं, बल्कि पूरी दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार की सुबह तेज़ हवाओं और मूसलाधार बारिश ने कहर बरपाया. दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों में देरी और डायवर्जन की समस्या सामने आई. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने एक एडवाइजरी जारी कर कहा, “तेज़ आंधी और बारिश के कारण कुछ उड़ानों पर असर पड़ा है. हमारी ज़मीनी टीमें हालात को सामान्य बनाने के लिए लगातार काम कर रही हैं. यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति जानने के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें.”
हर बार की तरह इस बार भी गुरुग्राम और दिल्ली जैसे आधुनिक शहरों में बारिश के बाद की समस्याओं ने नगर निगम और शहरी योजना पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. नागरिक जहां सोशल मीडिया पर अपनी निराशा को हास्य में बदल रहे हैं, वहीं यह स्थिति यह सोचने पर मजबूर करती है कि क्या देश की शहरी व्यवस्था इतनी नाकाम है कि हर बारिश एक आपदा बन जाए? First Updated : Friday, 02 May 2025