समंदर की गहराइयों में छिपा 317 साल पुराना रहस्य अब सामने आ चुका है. एक अंडरवाटर ड्रोन ने हाल ही में उस स्पेनिश गैलियन जहाज 'सैन जोस' का पता लगाया है, जो 1708 में डूब गया था. यह खोज कोलंबिया के कार्टाजेना तट से दूर बारू द्वीप के पास हुई है. सैन जोस को दुनिया का सबसे कीमती डूबा जहाज माना जाता है क्योंकि इसमें 200 टन सोना, चांदी और हीरे-जवाहरात लदे हुए थे.
खजाने का बाजार मूल्य लगभग 16 बिलियन अमेरिकी डॉलर, यानी भारतीय मुद्रा में करीब 1.75 लाख करोड़ रुपए आंका गया है. इस जहाज में लीमा मिंट के 1707 के सोने के सिक्के, चीनी मिट्टी के बर्तन, और 1665 की कांस्य तोपें भी मिली हैं. हर एक सिक्के का वजन लगभग 27 ग्राम बताया जा रहा है. यह खजाना उस समय पेरू से स्पेन ले जाया जा रहा था, जिसका उद्देश्य स्पेन के उत्तराधिकार को लेकर चल रहे युद्ध में धन जुटाना था. लेकिन ब्रिटेन की नौसेना ने सैन जोस को रास्ते में ही डुबो दिया था.
अब जब यह ऐतिहासिक खोज सामने आई है, तो इसपर अंतरराष्ट्रीय विवाद भी शुरू हो गया है. स्पेन, पेरू, और कोलंबिया जैसे देशों के साथ-साथ ग्लोका मोरा और समुद्री खोज कंपनी आर्मडा जैसी निजी संस्थाएं भी इस खजाने पर अपना हक जता रही हैं.
इस खजाने की खोज से जितनी खुशी मिली है, उससे कहीं ज़्यादा अब कानूनी और राजनयिक टकराव की आशंका बन गई है. इतिहास, राजनीति और अरबों की दौलत का यह मिश्रण आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर एक बड़ा मुद्दा बन सकता है. अब देखने वाली बात होगी कि इस अद्भुत खजाने का असली मालिक कौन बनता है. First Updated : Tuesday, 17 June 2025