नई दिल्ली: बेंगलुरु के राजाजीनगर इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसका सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक बाइक सवार के साथ सड़क पर ऐसा हादसा होता दिखाई देता है, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. वीडियो में देखा जा सकता है अचानक पेड़ की एक सूखी और भारी डाल टूटकर सीधे बाइक चला रहे व्यक्ति के सिर पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. कब और कहां हुए ये हादसा चलिए जानते है.
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा राजाजीनगर स्थित राम मंदिर रोड पर हुआ. इस दौरान 52 वर्षीय सतीश रोजाना की तरह अपने काम पर जाने के लिए बाइक से निकले थे. वहीं इसी बीच सड़क किनारे मौजूद एक पेड़ की सूखी शाखा अचानक टूट गई और सीधे उनके सिर पर आ गिरी। जोरदार टक्कर लगने के कारण सतीश बाइक पर संतुलन नहीं बना सके और सड़क पर गिर पड़े.
घटना का पूरा दृश्य पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हादसे के समय सतीश ने हेलमेट नहीं पहन रखा था. शाखा सीधे उनके सिर पर लगने से उन्हें गंभीर चोट आई और वे कुछ देर के लिए बेहोश हो गए.
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इमरजेंसी सर्जरी की। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत पहले से बेहतर है और उनका इलाज जारी है.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों की ओर से कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कई यूजर्स ने इसे हेलमेट पहनने की अहमियत से जोड़ते हुए कहा कि सड़क पर निकलते समय सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल जीवन बचा सकता है. वहीं कुछ लोगों ने प्रशासन से मांग की कि शहर में पुराने और सूखे पेड़ों की नियमित जांच और समय पर छंटाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके. वहीं एक यूजर ने अपने साथ हुई ऐसी ही घटनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि हेलमेट पहनने की वजह से उनकी जान बच गई थी. First Updated : Sunday, 28 June 2026