एक्स बॉयफ्रेंड से पैचअप के लिए लाखों रुपये लुटा रहीं लड़कियां, जानें कहां चल रहा ये अजब-गजब ट्रेंड

चीन में ब्रेकअप के बाद एक्स पार्टनर से पैचअप कराने का दावा करने वाले रिलेशनशिप कोच का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिस पर लोग हजारों से लेकर लाखों रुपये तक खर्च कर रहे हैं. हालांकि, बड़े-बड़े वादों के बावजूद कई लोगों को न रिश्ता वापस मिलता है और न ही उनकी रकम लौटती है.

calender

नई दिल्ली: ब्रेकअप के बाद अधिकांश लोग समय के साथ अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन चीन में एक अलग ही ट्रेंड तेजी से पॉपुलर हो रहा है. यहां कई लोग अपने पूर्व पार्टनर को वापस पाने की उम्मीद में खुद को रिलेशनशिप कोच बताने वाले लोगों पर बड़ी रकम खर्च कर रहे हैं. ये कोच दावा करते हैं कि उनकी सलाह मानने से टूटे रिश्ते दोबारा जुड़ सकते हैं, लेकिन कई मामलों में लोगों को आर्थिक नुकसान और निराशा ही हाथ लग रही है.

रिलेशनशिप कोच को दिए 40 हजार 

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, चीन की 28 वर्षीय एक महिला, जिसने अपनी पहचान छिपाने के लिए 'वान' नाम का इस्तेमाल किया, उसने अपने एक्स बॉयफ्रेंड को वापस पाने की कोशिश में एक रिलेशनशिप कोच को 3,500 युआन (करीब 40 हजार रुपये) दिए. इस रकम के बदले उसे एक महीने तक लगातार सलाह और मार्गदर्शन देने का वादा किया गया. हालांकि, कुछ कोच अपने प्रीमियम पैकेज के लिए 3,000 डॉलर (करीब 3 लाख रुपये) तक वसूल रहे हैं.

21 दिनों तक पार्टनर से न करें कांटेक्ट 

महिला ने बताया कि शुरुआत में कोच ने करीब 90 मिनट तक मुफ्त बातचीत की और दावा किया कि रिश्ता टूटने की वजह उसके व्यक्तित्व और असुरक्षा की भावना थी. इसके बाद उसे एक पेड प्रोग्राम में शामिल होने की सलाह दी गई. इस योजना के तहत पहले 21 दिनों तक एक्स पार्टनर से किसी भी तरह का संपर्क न करने, अपनी पर्सनैलिटी और लुक में बदलाव करने तथा सोशल मीडिया पर सोच-समझकर पोस्ट करने जैसी सलाह दी गई. 

कोच का दावा था कि अगर सभी निर्देशों का पालन किया जाए तो करीब 90 प्रतिशत मामलों में रिश्ता दोबारा जुड़ सकता है. लेकिन महिला के मुताबिक, उसने सभी सलाह मानीं, फिर भी उसका पूर्व बॉयफ्रेंड उसे सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर गया. जब उसने इस पर सवाल उठाया तो उसे रिफंड देने के बजाय और महंगा पैकेज खरीदने की सलाह दी गई.

सोशल मीडिया पर पॉपुलर 

रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ऐसे रिलेशनशिप कोच तेजी से पॉपुलर हो रहे हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि ब्रेकअप के बाद भावनात्मक रूप से कमजोर लोग ऐसे दावों पर आसानी से भरोसा कर लेते हैं. कई कंपनियां इसी मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर महंगी सेवाएं बेच रही हैं.

आंकड़ों के अनुसार, चीन में मनोवैज्ञानिक और रिलेशनशिप काउंसलिंग से जुड़ी कंपनियों की संख्या पिछले कुछ वर्षों में कई गुना बढ़ी है. वहीं, उपभोक्ता शिकायत मंचों पर इस तरह की सेवाओं के खिलाफ हजारों शिकायतें भी दर्ज हो चुकी हैं. मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि ब्रेकअप के बाद किसी अनजान कोच के बजाय प्रशिक्षित मनोवैज्ञानिक या काउंसलर से सलाह लेना अधिक सुरक्षित और प्रभावी विकल्प है. First Updated : Thursday, 23 July 2026