नई दिल्ली: विदेश जाकर अच्छी कमाई करने का सपना हर साल हजारों भारतीय देखते हैं. खासतौर पर लंदन जैसे बड़े शहरों में लोग नए-नए बिजनेस आइडिया और पार्ट टाइम काम के जरिए कमाई के मौके तलाशते रहते हैं. इसी बीच एक भारतीय युवक का अनोखा स्ट्रीट बिजनेस सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने दावा किया कि उसने लंदन की सड़क पर सिर्फ 10 मिनट में 10 पाउंड यानी करीब 1200 रुपये कमा लिए. हालांकि उसकी यह कमाई ज्यादा देर तक जारी नहीं रह सकी, क्योंकि कुछ ही देर बाद पुलिस वहां पहुंच गई. युवक ने पूरी घटना का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया, जिसे लोग काफी दिलचस्प तरीके से देख रहे हैं.
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @vishnu_vijayadharan_ नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. वीडियो में केरल के रहने वाले 25 वर्षीय विष्णु विजयधरन लंदन की सड़कों पर पोलरॉइड तस्वीरें बेचते नजर आते हैं. वीडियो की शुरुआत में वह कहते हैं,देखते हैं कि लंदन में पोलरॉइड फोटो बेचकर कितना पैसा कमाया जा सकता है.
पोलरॉइड तस्वीरें ऐसी इंस्टेंट फोटो होती हैं, जो क्लिक करने के कुछ मिनटों के भीतर अपने आप प्रिंट होकर बाहर आ जाती हैं. इन्हें अलग से फोटो लैब में भेजने की जरूरत नहीं पड़ती. यही वजह है कि पर्यटन स्थलों पर लोग इस तरह की तस्वीरों को काफी पसंद करते हैं. आजकल कोडक और फुजीफिल्म जैसी कंपनियां भी इसी तरह के इंस्टेंट कैमरे बनाती हैं, लेकिन आम बोलचाल में इन्हें पोलरॉइड फोटो ही कहा जाता है.
विष्णु ने वीडियो में बताया कि उन्होंने करीब 110 पाउंड यानी लगभग 14 हजार रुपये खर्च कर एक कोडक इंस्टेंट कैमरा खरीदा था. इसके बाद वह लंदन की एक व्यस्त सड़क पर पहुंचे और लोगों की तस्वीरें खींचकर बेचने लगे. उन्होंने एक कार्डबोर्ड पर लिखा था Polaroid £5 यानी हर इंस्टेंट फोटो की कीमत 5 पाउंड रखी गई थी, जो भारतीय रुपये में करीब 640 रुपये होती है.
वीडियो में दिखता है कि शुरुआत के कुछ मिनटों में ही उन्हें पहला ग्राहक मिल गया. एक महिला ने अपनी इंस्टेंट तस्वीर खिंचवाई और फोटो देखकर काफी खुश नजर आई. विष्णु ने बताया कि इसके तुरंत बाद दूसरा ग्राहक भी मिल गया. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, उस वक्त लगने लगा था कि अब तो लाखों कमाएंगे.
लेकिन तभी उनकी यह कमाई पुलिस के पहुंचने से रुक गई. वीडियो में आगे बताया गया कि अधिकारियों ने उन्हें सड़क किनारे सामान बेचने के लिए जरूरी अनुमति के बारे में जानकारी दी. विष्णु ने कहा कि नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि बिना परमिट सड़क पर व्यापार करना नियमों के खिलाफ है और इसके लिए जुर्माना भी लगाया जा सकता है. अगर परमिट हो तो घंटे के 100 पाउंड कमाना आसान है. हालांकि विष्णु ने यह भी कहा कि अगर किसी के पास परिषद की अनुमति हो, तो इस काम से अच्छी कमाई की जा सकती है. उन्होंने दावा किया कि अगर आपके पास वैध परमिट हो, तो यहां आसानी से 100 पाउंड प्रति घंटे तक कमाए जा सकते हैं.
हालांकि पुलिस की कार्रवाई से पहले विष्णु करीब 10 पाउंड यानी लगभग 1200 रुपये कमाने में सफल रहे. सोशल मीडिया पर लोग उनके इस छोटे लेकिन अनोखे बिजनेस आइडिया की जमकर चर्चा कर रहे हैं.
वीडियो वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने इस आइडिया को क्रिएटिव बताया, जबकि कुछ लोगों ने कहा कि विदेशों में किसी भी तरह का स्ट्रीट बिजनेस शुरू करने से पहले वहां के नियमों की जानकारी होना बेहद जरूरी है. First Updated : Thursday, 28 May 2026