नई दिल्ली : भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो इन दिनों बड़े संकट का सामना कर रही है. यह समस्या पिछले कुछ दिनों से लगातार जारी है. जिसका असर हमें देशभर के तमाम एयरपोर्ट पर देखने को मिल रहा है. एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मची है. यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, लगातार कई उड़ाने रद्द हो रही हैं और इसी क्रम में आज यानी रविवार को भी कई फ्लाइट्स कैंसिल हुईं. इसी बीच सोशल मीडिया पर मशहूर कॉमेडियन जसपाल भट्टी के एक शो का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसे लोग वर्तमान में इंडिगों के हालात से जोड़कर देख रहे हैं.
साल 1995 का है यह वीडियो
आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो साल 1995 में प्रसारित एक टीवी शो Full Tension के एक एपिशोड का है. इस शो में जसपाल भट्टी ने SOS Airlines के कर्मचारी का रोल निभाया था.
एयरलाइन में स्टाफ की भारी कमी चल रही
दरअसल, इस कॉमेडी शो में एक्टर विवेक शौक मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचते हैं. जहां उनकी मुलाकात जसपाल भट्टी से होती है, जो विवेक का सामान गाड़ी से उतारने में मदद करते हैं. जिसके कुछ समय के बाद जसपाल भट्टी टिकट के काउंटर पर बैठकर टिकट काटते हुए नजर आते हैं, वे यही नहीं रुकते, कुछ समय के बाद वे खुद चेक-इन काउंटर संभालते हैं और अंत में यह भी बोलते है कि जरूरत पड़ी तो प्लने भी वही उड़ाएंगे. इस बात पर जब उनसे वजह पूछी जाती है तो वे कहते है कि एयरलाइन में स्टाफ की भारी कमी चल रही है. जिसके चलते वे खुद की कई काम कर रहे है. वे यह भी कहते है कि एयरलाइन का नाम SOS यानी Shortage of Staff है.
वीडियो को इंडिगो संकट से जोड़कर देखा जा रहा
वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल होते इस वीडियो को इंडिगो संकट से जोड़कर देखा जा रहा है. वर्तमान में इंडिगो की कई फ्लाइट्स पायलट और केबिन क्रू की कमी के चलते प्रभावित हुई हैं. इस वजह से ही इंडिगो को अपनी कई फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ी हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को देखकर लोग कह रहे हैं कि जसपाल भट्टी ने करीब 30 साल पहले अपने शो के माध्यम से जो वीडियो लोगों को दिखाया था वहीं तस्वीर आज हकीकत बनकर हमारे सामने आई है. इसके साथ ही वीडियो पर यूजर्स के फनी कमेंट्स भी तेजी से वायरल हो रहे है.
DGCA ने इंडिगो के ऊपर बड़ा कदम उठाया
इस पूरे हालात को देखते हुए DGCA ने इंडिगो के ऊपर बड़ा कदम उठाया है. DGCA ने इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स और कंपनी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर इसिड्रे पोरक्वेरस को शो कॉज नोटिस जारी किया है. DGCA के द्वारा यह नोटिस इस सप्ताह उड़ान संचालन में हुई गंभीर गड़बड़ियों को देखते हुए भेजा गया है. इसके साथ ही दोनों अधिकारियों को 24 घंटे के अंदर जवाब देने को कहा गया है कि उनके खिलाफ इस मामले को लेकर सख्त कदम क्यों न उठाया जाए.
First Updated : Sunday, 07 December 2025