Bulandshahr Viral News: सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए आज कल लोग सारी हदें पार कर दे रहे हैं. ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से सामने आया है. जहां एक युवक और युवती का स्टंटबाजी करने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में युवती बुलेट की टंकी पर बैठी दिखाई दे रही है. युवक बिना हाथ लगाए बाइक दौड़ा रहा था. जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ लोगों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की. मामले को गंभीरता से लेते हुए बुलंदशहर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और आरोपी युवक पर कार्रवाई करते हुए बाइक का 13 हजार रुपये का चालान काटा.
रविवार को एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह वीडियो यूपी पुलिस और बुलंदशहर पुलिस को टैग करते हुए शेयर किया. वीडियो में युवक अपनी बुलेट बाइक पर युवती को टंकी पर बैठाकर सवारी कर रहा था. हैरानी की बात यह रही कि न तो युवक और न ही युवती ने हेलमेट पहन रखा था.
पुलिस जांच में यह सामने आया कि वीडियो बनाने वाले युवक और युवती पेशे से यूट्यूबर हैं. ये दोनों अक्सर ऐसे ही अलग-अलग वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अपलोड करते रहते हैं.
सोशल मीडिया पर जब वीडियो वायरल हुआ तो लोगों ने तुरंत पुलिस से सख्त कदम उठाने की मांग की. शिकायत मिलने पर बुलंदशहर पुलिस ने युवक की पहचान की और उसके घर पहुंचकर नियमों के उल्लंघन करने के आरोप में 13 हजार रुपये का चालान काटा. इस मामले पर एएसपी ऋजुल कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि वायरल वीडियो कोतवाली देहात क्षेत्र का है. मामले में बाइक का चालान काट दिया गया है. First Updated : Monday, 01 September 2025